केरल में भारी बारिश का सिलसिला जारी, नदियों का जलस्तर बढ़ा
केरल में बारिश की स्थिति
तिरुवनंतपुरम, चार अगस्त: केरल के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। मंगलवार सुबह साढ़े पांच बजे तक पिछले 21 घंटों में उत्तरी जिलों में सबसे अधिक वर्षा देखी गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने इस बारे में जानकारी दी।
आईएमडी के अनुसार, कासरगोड के बायार में तीन अगस्त की तड़के तीन बजे से आधी रात तक 121.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
कासरगोड के मुलियार में 81 मिलीमीटर, कन्नूर हवाई अड्डे पर 74 मिलीमीटर और कोझिकोड के उरुमी में 65 मिलीमीटर वर्षा हुई। कन्नूर के चेरुवंचेरी और कासरगोड के आरएआरएस पिलिकोड में 59.5-59.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
एर्णाकुलम के नेरियामंगलम में भी 59 मिलीमीटर बारिश हुई। आईएमडी के अनुसार, 24 घंटों में 60 मिलीमीटर या उससे अधिक बारिश को 'भारी बारिश' माना जाता है। हालिया रिपोर्ट के अनुसार, मुवाट्टुपुषा और तोडुपुषा नदियों का जलस्तर मंगलवार सुबह चेतावनी के निशान से ऊपर बना हुआ है, लेकिन अब यह घट रहा है।
सुबह आठ बजे मुवाट्टुपुषा नदी का जलस्तर 11.60 मीटर पर था, जो 10.92 मीटर के चेतावनी स्तर से ऊपर और 11.93 मीटर के खतरे के निशान के करीब है। अधिकारियों ने बताया कि जलस्तर कम हो रहा है। तोडुपुषा नदी में सुबह आठ बजे जलस्तर 11.50 मीटर दर्ज किया गया।
इस नदी का चेतावनी स्तर 10.78 मीटर और खतरे का निशान 11.79 मीटर है। दूसरी ओर, कलियारा नदी 12.26 मीटर पर बह रही थी, जो इसके चेतावनी स्तर 13.10 मीटर और खतरे के स्तर 14.10 मीटर से नीचे है। इन नदियों का जलस्तर भी घट रहा है।
अधिकारियों ने नदियों पर नजर बनाए रखी है और तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि मानसून के कारण राज्य के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है।