×

केरल के मिमिक्री कलाकार पर ऑनलाइन उत्पीड़न का आरोप

केरल के मिमिक्री कलाकार महेश कुंजुमोन ने आरोप लगाया है कि उनके विदेश में किए गए एक कार्यक्रम की वीडियो क्लिप के चलते उन्हें ऑनलाइन उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है। कुछ लोगों ने उन पर मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन का अनादर करने का आरोप लगाया है। कुंजुमोन ने स्पष्ट किया कि उनका इरादा किसी का अपमान करना नहीं था और उन्होंने माफी भी मांगी है। जानें इस विवाद की पूरी कहानी और कुंजुमोन की प्रतिक्रिया।
 

मिमिक्री कलाकार महेश कुंजुमोन का विवाद

कोच्चि, 28 जुलाई: केरल के एक मिमिक्री कलाकार ने आरोप लगाया है कि उनके विदेश में आयोजित एक कार्यक्रम की वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उन्हें ऑनलाइन उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है। कुछ लोगों ने उन पर मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन का ‘अनादर’ करने का आरोप लगाया है। महेश कुंजुमोन ने बताया कि यह विवाद आयरलैंड में हाल ही में हुए उनके एक शो से शुरू हुआ, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री की आवाज की नकल की थी। कार्यक्रम के दौरान, उन्होंने ‘वी. डी. सतीशन’ का उल्लेख किया और एलईडी वॉल संचालक से नेता की तस्वीर दिखाने के लिए कहा।


कुंजुमोन ने फेसबुक पर स्पष्ट किया कि उन्होंने तकनीकी कारणों से केवल फाइल का नाम लिया था। उनका उद्देश्य मुख्यमंत्री के नाम के आगे ‘मुख्यमंत्री’ या ‘सर’ न लगाकर किसी प्रकार का अपमान करना नहीं था। उन्होंने कहा कि वीडियो का केवल एक हिस्सा सोशल मीडिया पर साझा किया गया, जिससे यह गलत धारणा बनी कि उन्होंने जानबूझकर सतीशन का नाम बिना सम्मान के लिया।


उन्होंने कहा, ‘‘यदि मेरी किसी बात या कार्य से किसी को ठेस पहुंची है या कोई आहत हुआ है, तो मैं ईमानदारी से माफी मांगता हूं। मेरा कभी भी किसी का अपमान करने या किसी को चोट पहुंचाने का इरादा नहीं था। मैं सभी का समान रूप से सम्मान करता हूं।’’ कुंजुमोन ने लोगों से अपमानजनक और गाली-गलौज वाले संदेशों के बजाय मतभेदों को सभ्य तरीके से व्यक्त करने की अपील की, क्योंकि ऐसे संदेश गंभीर मानसिक तनाव उत्पन्न कर सकते हैं।


उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ आपत्तिजनक संदेशों के स्क्रीनशॉट भी साझा किए हैं।