कुशीनगर में घर में मिले 25 कोबरा सांप, ग्रामीणों में मची अफरातफरी
कुशीनगर में सांपों का झुंड
कुशीनगर: विकास खण्ड कसया के बटेसरा गांव में गुरुवार को एक अजीब स्थिति उत्पन्न हो गई जब घर में ईंट और मिट्टी हटाते समय अचानक सांपों का झुंड नजर आया। मरम्मत के दौरान एक कोबरा सांप दिखाई दिया, जिसके बाद सांपों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी। एक ही घर में 25 कोबरा सांपों के मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। इस दृश्य को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। इतने सारे सांपों की जानकारी वन विभाग को दी गई।
यह घटना शुकुरुल्लाह पुत्र आलमीन के निवास पर हुई, जहां निर्माण कार्य के दौरान सहीम नामक व्यक्ति ने एक विशाल कोबरा सांप देखा। उसने अन्य लोगों को बुलाया और बताया कि वहां और भी सांप हैं। एक बड़ा सांप और कई छोटे सांप थे। घबराए ग्रामीणों ने प्रधान मोहन लाल गुप्ता के माध्यम से सर्प मित्र शत्रुध्न यादव को सूचित किया। मौके पर पहुंचकर सर्प मित्र ने ईंट और मिट्टी हटवाकर एक बड़े कोबरा के साथ 24 नवजात कोबरा सांपों को सुरक्षित रूप से बाहर निकाला।
रेस्क्यू के दौरान यह भी पता चला कि एक बड़ा कोबरा ईंट के नीचे दबकर पहले ही मर चुका था, जबकि बाकी सभी को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। सर्प मित्र ने ग्रामीणों से अपील की कि यदि कहीं सांप दिखाई दें तो उन्हें मारने के बजाय सुरक्षित स्थान पर छोड़ दें।
कोबरा दुनिया के सबसे जहरीले सांपों में से एक है, और इसके काटने से 45 मिनट से 1 घंटे के भीतर मृत्यु हो सकती है।