कुपवाड़ा में सैन्यकर्मी की गोली लगने से मौत, जांच जारी
सैन्यकर्मी की दुखद मृत्यु
श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सोमवार की सुबह एक सैन्यकर्मी की ड्यूटी के दौरान अपनी ही सर्विस राइफल से गोली लगने से मृत्यु हो गई। इस घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
रक्षा मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि मृतक जवान की पहचान 24 वर्षीय जयदीप के रूप में हुई है, जो हरियाणा के गोहाणा का निवासी था। सभी आवश्यक औपचारिकताएँ पूरी करने के बाद, उनके पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ उनके परिवार के पास भेजा जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, जयदीप को हंदवाड़ा के निकट लंगेट-कलमाबाद में ड्यूटी के दौरान गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथी उन्हें तुरंत नजदीकी सैन्य अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें बेहतर उपचार के लिए श्रीनगर के 92 बेस अस्पताल भेजा गया। हालांकि, वहां पहुंचने के कुछ ही समय बाद उन्होंने अपने जख्मों के कारण दम तोड़ दिया।