किसानों की भोपाल पदयात्रा: MSP पर मूंग खरीदने की मांग
किसानों का पैदल मार्च भोपाल की ओर
नर्मदापुरम (मध्यप्रदेश), 27 जुलाई: मध्यप्रदेश में विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधियों और सैकड़ों किसानों ने सोमवार शाम को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर मूंग की पूरी खरीदारी सहित अन्य मांगों के लिए नर्मदापुरम से भोपाल की ओर पैदल यात्रा शुरू की। हाथों में तिरंगा लिए और 'जय जवान, जय किसान' तथा सरकार विरोधी नारे लगाते हुए, संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में यह यात्रा सिहोर जिले के बुधनी पहुंची।
किसानों की मुख्य मांगों में शत प्रतिशत मूंग की खरीद, ई-टोकन प्रणाली की समस्याओं का समाधान, और समय पर उचित मूल्य पर खाद की उपलब्धता शामिल हैं।
सेठानीघाट पर धरना प्रदर्शन करते हुए और हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए किसानों ने अपनी पदयात्रा की शुरुआत की। इसके बाद, पुलिस ने भोपाल तिराहे और अन्य स्थानों पर अवरोधक लगाकर किसानों को रोकने का प्रयास किया। जिलाधिकारी सोमेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक साई एस थोटा ने किसानों से राष्ट्रीय राजमार्ग 69 पर बातचीत की, लेकिन यह प्रयास सफल नहीं हो सका।
किसान पैदल यात्रा करते हुए आगे बढ़ रहे थे, जबकि उनके साथ चल रहे ट्रैक्टर-ट्रालियों में पानी और भोजन की व्यवस्था भी की गई थी।