किराए के घर से निकलने पर सिक्योरिटी डिपॉजिट वापस पाने के अधिकार
सिक्योरिटी डिपॉजिट की समस्या
किराए के घर को छोड़ने के बाद कई लोगों को एक गंभीर समस्या का सामना करना पड़ता है। अक्सर मकान मालिक बिना किसी ठोस कारण के सिक्योरिटी डिपॉजिट लौटाने से मना कर देते हैं या फिर राशि का एक बड़ा हिस्सा काट लेते हैं। इस तरह के मामलों में अधिकांश किरायेदार अपने अधिकारों के बारे में पूरी जानकारी न होने के कारण नुकसान उठाते हैं.
सिक्योरिटी डिपॉजिट क्या है?
सिक्योरिटी डिपॉजिट वह राशि है, जो किरायेदार घर में रहने से पहले मकान मालिक को देता है। इसका उद्देश्य भविष्य में किसी भी नुकसान, बकाया किराए या अनुबंध के उल्लंघन की स्थिति में सुरक्षा प्रदान करना होता है। आमतौर पर किरायेदारी समाप्त होने के बाद यह राशि वापस कर दी जाती है.
किस स्थिति में कट सकता है पैसा?
मकान मालिक कुछ विशेष परिस्थितियों में सिक्योरिटी डिपॉजिट से राशि काट सकता है। इसमें बकाया किराया, बिजली या रखरखाव के बिल, फर्नीचर या घर को गंभीर नुकसान और अनुबंध में तय मरम्मत खर्च शामिल हो सकते हैं. हालांकि, बिना सबूत या लिखित जानकारी के मनमानी कटौती करना गलत है.
किरायेदार को क्या करना चाहिए?
यदि डिपॉजिट वापस नहीं मिल रहा है, तो सबसे पहले रेंट एग्रीमेंट को ध्यान से पढ़ना आवश्यक है। इसमें सिक्योरिटी डिपॉजिट, रिफंड की समय सीमा और कटौती से संबंधित नियम होते हैं. इसके अलावा, किरायेदारों को सभी आवश्यक सबूत जैसे किराया रसीद, बैंक ट्रांजैक्शन, बिजली-पानी के बिल, व्हाट्सऐप चैट, ईमेल और घर खाली करते समय की फोटो-वीडियो संभालकर रखने चाहिए.
कानूनी कार्रवाई का विकल्प
यदि बातचीत से मामला हल नहीं होता है, तो किरायेदार लिखित में डिपॉजिट की वापसी की मांग कर सकते हैं। आवश्यकता पड़ने पर वकील के माध्यम से कानूनी नोटिस भी भेजा जा सकता है. कई मामलों में सोसाइटी या RWA की मदद से भी विवाद सुलझ जाता है.
गलतियों से बचें
किरायेदारों को हमेशा लिखित रेंट एग्रीमेंट करना चाहिए और नकद भुगतान से बचना चाहिए। बिना रसीद पैसे का भुगतान करना बाद में मुश्किल पैदा कर सकता है. साथ ही, घर खाली करते समय उसकी स्थिति की फोटो और वीडियो रखना भी आवश्यक है.