कर्नाटक में पुलिस हिरासत में मौत: थाना प्रभारी और संतरी पर मामला दर्ज
विजयनगर में पुलिस हिरासत में मौत का मामला
कर्नाटक के विजयनगर जिले में एक 38 वर्षीय व्यक्ति की पुलिस थाने में मौत के मामले में थाना प्रभारी और एक संतरी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने सोमवार को इस घटना की जानकारी दी। मृतक की पहचान मेहबूबनगर के खलीलुल्लाह के रूप में हुई है।
इस मामले की मजिस्ट्रेट जांच भी चल रही है। मृतक के परिवार का आरोप है कि उसकी मौत पुलिस हिरासत में मारपीट के कारण हुई। पुलिस के अनुसार, शनिवार रात लगभग एक बजे खलीलुल्लाह की पत्नी थाने पहुंची और शिकायत की कि उसके पति ने उसके साथ झगड़ा किया है।
पत्नी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने खलीलुल्लाह को पूछताछ के लिए रात करीब डेढ़ बजे थाने लाया। परिवार का कहना है कि थाना प्रभारी और एक संतरी ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जिला पुलिस अधीक्षक एस. जाह्नवी ने बताया कि मृतक की पत्नी की शिकायत के आधार पर थाना प्रभारी राघवेंद्र और संतरी कांस्टेबल वेंकटेश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और धारा 118(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि जांच का कार्य उप पुलिस अधीक्षक को सौंपा गया है। पुलिस मुख्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार मजिस्ट्रेट जांच भी की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम किया गया है और चिकित्सकों का एक पैनल मामले की जांच कर रहा है। पुलिस अधीक्षक ने कहा, 'डीएसपी मामले की जांच कर रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।'
जांच के परिणामों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।