कनाडा में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नैन्सी ग्रेवाल की हत्या: मां ने खालिस्तानी कट्टरपंथियों पर लगाया आरोप
नैन्सी ग्रेवाल की हत्या का मामला
कनाडा के लासेल (विंडसर) में पंजाब की प्रसिद्ध सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और कमेंटेटर नैन्सी ग्रेवाल (45) की निर्मम हत्या कर दी गई। मंगलवार रात लगभग 9:30 बजे, हमलावर उनके घर में घुसकर उन पर चाकुओं से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल नैन्सी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
अब उनकी मां, तेजिंदर कौर, मीडिया के सामने आई हैं और उन्होंने कुछ गंभीर आरोप लगाए हैं। नैन्सी खालिस्तानी कट्टरपंथियों के खिलाफ अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर खुलकर बोलने के लिए जानी जाती थीं। उनकी मां ने कहा कि जसवीर सिंह रोडे का साढू अवतार सिंह उनकी बेटी से दुश्मनी रखता था और उस पर माफी मांगने का दबाव बना रहा था।
तेजिंदर कौर ने आरोप लगाया कि लासेल/विंडसर में खालिस्तानी गुरुद्वारे में लोग भरे हुए हैं और उन्हीं लोगों ने उनकी बेटी का हत्या की है।
उन्होंने यह भी बताया कि नैन्सी पर पहले भी जानलेवा हमला हुआ था और उनके घर में आग लगाई गई थी, लेकिन वह बाल-बाल बच गई थीं। घटना से कुछ दिन पहले एक संदिग्ध ने चेहरा ढककर उनकी रेकी की थी, लेकिन सीसीटीवी में कैद होकर भाग गया।
नैन्सी का कनाडा में जीवन
नैन्सी 2018 में कनाडा आई थीं, जहां उन्होंने नर्सिंग का कोर्स किया और दो कंपनियों में काम कर रही थीं। लुधियाना में जन्मी और जालंधर से संबंधित नैन्सी ऑनलाइन दुनिया में एक गायक और कमेंटेटर के रूप में काफी लोकप्रिय थीं। उनके यूट्यूब चैनल और इंस्टाग्राम पर हजारों फॉलोअर्स हैं।
पुलिस की जांच और सुरक्षा उपाय
लासेल पुलिस के प्रमुख माइकल पीयर्स ने इस घटना की पुष्टि की और इसे एक लक्षित हमला बताया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए हैं। पुलिस खालिस्तानी कट्टरपंथियों के एंगल सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। यह लासेल में पिछले चार साल की पहली हत्या है।
आखिरी बातचीत और मातम
नैन्सी ने अपनी मां से आखिरी बार 2 मार्च को फोन पर बात की थी। उनकी मां ने बताया कि नैन्सी गरीबों की मदद करती थीं और हमेशा सच के रास्ते पर चलती थीं, यही उनकी जान का दुश्मन बन गया।