ओडिशा मेडिकल परीक्षा में प्रश्न पत्र लीक की जांच शुरू
ओडिशा मेडिकल कॉलेज में प्रश्न पत्र की तस्वीरें वायरल
ओडिशा के बेरहामपुर स्थित एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की एक पांच सदस्यीय समिति ने ओडिशा मेडिकल परास्नातक परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया पर प्रश्न पत्र की तस्वीरें वायरल होने के मामले की जांच आरंभ कर दी है। अधिकारियों ने शुक्रवार को इस बात की पुष्टि की। जानकारी के अनुसार, 27 जुलाई को 2023-26 बैच के परास्नातक छात्रों के लिए एक विषय की परीक्षा के दौरान 'ओडिशा मेडिकल परास्नातक परीक्षा' के प्रश्न पत्र की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की गई थीं।
एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज के डीन-सह-प्राचार्य हरेकृष्ण दलाई ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम को मेडिकल कॉलेज के सुपरिटेंडेंट की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया। यह समिति घटना की जांच कर रही है और 72 घंटों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। दलाई ने कहा कि समिति यह भी देखेगी कि क्या प्रश्न पत्र कॉलेज के परीक्षा हॉल से लीक हुआ था, और यदि हां, तो यह कैसे हुआ और इसमें कौन लोग शामिल थे।
उन्होंने कहा, 'समिति अपनी रिपोर्ट में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सुझाव भी देगी।' इससे पहले, दलाई ने कहा था कि इस घटना को प्रश्न पत्र 'लीक' नहीं कहा जा सकता क्योंकि तस्वीरें परीक्षा के दौरान ही सामने आई थीं। अधिकारियों के अनुसार, 2023-26 बैच के एमएस/एमडी पाठ्यक्रम के लिए जनरल सर्जरी के दूसरे प्रश्नपत्र की तस्वीरें कुछ परास्नातक छात्रों द्वारा बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप में साझा की गई थीं। इसके अलावा, परीक्षा के दौरान कुछ फोन नंबरों से उत्तर भी वायरल होने के आरोप हैं।
यह मामला तब प्रकाश में आया जब भुवनेश्वर के एक निजी मेडिकल कॉलेज के एक छात्र ने, जिसके पास कथित तौर पर प्रश्न पत्र की तस्वीरें थीं, इस मुद्दे को उठाया और दावा किया कि उसे ये तस्वीरें एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज के एक छात्र द्वारा बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से मिली थीं।