ओडिशा में राकेश टिकैत की गिरफ्तारी पर भाकियू कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
राकेश टिकैत की गिरफ्तारी से भड़का आक्रोश
मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत को ओडिशा में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वह भुवनेश्वर में एक किसान कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही उनकी गिरफ्तारी की सूचना मिली, मुजफ्फरनगर में कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। कार्यकर्ताओं ने जिले के सभी थानों का घेराव करना शुरू कर दिया।
सोमवार शाम लगभग 4:45 बजे कार्यकर्ताओं को यह जानकारी मिली कि चौधरी राकेश टिकैत को ओडिशा में गिरफ्तार किया गया है। इसके बाद सिसौली में किसान भवन में भाकियू के पदाधिकारियों ने मीटिंग की और थानों के घेराव का निर्णय लिया।
भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत के बेटे गौरव टिकैत ने कार्यकर्ताओं के साथ भौराकलां थाने के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया, जबकि अन्य कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों के थानों में पहुंच गए। खतौली, जानसठ, बुढ़ाना, चरथावल, पुरकाजी, छपार, तितावी, भोपा समेत सभी थानों पर भाकियू कार्यकर्ताओं का धरना जारी है।
भाकियू जिलाध्यक्ष चौधरी नवीन राठी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि 'अलर्ट मोड, अगला कदम हाइवे, कुछ ही देर में।' इस संदेश से स्पष्ट है कि कार्यकर्ता जिले के राष्ट्रीय हाइवे पर भी धरना देने की योजना बना रहे हैं। भाकियू के इस आंदोलन के कारण पुलिस प्रशासन भी सतर्क हो गया है।