एयर इंडिया की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, तकनीकी समस्या के कारण वापस लौटी
दिल्ली से मुंबई जा रही फ्लाइट की आपात स्थिति
फाइल फोटो.
एयर इंडिया के एक विमान ने फिर से आपात लैंडिंग की है। एयरलाइन के प्रवक्ता ने जानकारी दी कि 22 दिसंबर को दिल्ली से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाली AI887 फ्लाइट को टेक-ऑफ के तुरंत बाद तकनीकी समस्या के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर वापस लाया गया।
हालांकि, विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित बाहर निकल आए। सोमवार की सुबह टेक-ऑफ के बाद एक इंजन में खराबी आ गई, जिसके चलते विमान को वापस दिल्ली लौटाना पड़ा। चूंकि यह विमान दो इंजन वाला था, इसलिए एक इंजन के बंद होने पर भी यह सुरक्षित लैंड कर सकता था। फ्लाइट ट्रैकिंग साइट्स के अनुसार, विमान ने सुबह 6.10 बजे उड़ान भरी और लगभग 6.52 बजे वापस लौट आया।
एयरलाइन की प्रतिक्रिया
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, “AI 887 के क्रू ने तकनीकी समस्या के कारण टेक-ऑफ के तुरंत बाद दिल्ली लौटने का निर्णय लिया। विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्रियों को उतार दिया गया है। एयर इंडिया इस अप्रत्याशित स्थिति के लिए खेद व्यक्त करता है।”
एयरलाइन ने यह भी बताया कि विमान की आवश्यक जांच की जा रही है और दिल्ली में एयर इंडिया की ग्राउंड टीम यात्रियों को सहायता प्रदान कर रही है। उन्हें जल्द ही उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।
एयर इंडिया में बढ़ती आपात लैंडिंग की घटनाएं
12 जून 2025 को एयर इंडिया की फ्लाइट 171, जो अहमदाबाद से लंदन जा रही थी, टेक-ऑफ के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस विमान में 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर थे, जिनमें से केवल एक व्यक्ति की जान बचाई जा सकी। इस घटना के बाद से सभी एयरलाइनों ने सुरक्षा पर ध्यान देना शुरू किया है, लेकिन एयर इंडिया में आपात लैंडिंग की घटनाएं लगातार हो रही हैं।
ये भी पढ़ें- IGI पर एअर इंडिया एक्सप्रेस के पायलट ने यात्री पर किया जानलेवा हमला, नौकरी से सस्पेंड