उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अमरनाथ तीर्थयात्रियों का हालचाल लिया
गांदरबल में बस दुर्घटना के बाद उपराज्यपाल का दौरा
श्रीनगर, 28 जुलाई: जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को गांदरबल जिले में एक बस दुर्घटना में घायल हुए अमरनाथ तीर्थयात्रियों की स्थिति जानने के लिए ‘शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज’ (एसकेआईएमएस) अस्पताल का दौरा किया। यह दुर्घटना गांदरबल के कंगन क्षेत्र में हुई, जहां तीर्थयात्रियों की बस सड़क से फिसलकर एक घर पर गिर गई, जिससे 39 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय घर में कोई नहीं था।
उपराज्यपाल सिन्हा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘गांदरबल के गनिवान में हुई सड़क दुर्घटना में घायल अमरनाथ तीर्थयात्रियों का हाल जानने के लिए मैंने आज श्रीनगर स्थित एसकेआईएमएस का दौरा किया।’’ उन्होंने आगे कहा, ‘‘बाबा बर्फानी की कृपा से सभी 39 यात्रियों की स्थिति वर्तमान में स्थिर है और उनकी सेहत में सुधार हो रहा है। मैंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया है कि घायलों को सर्वोत्तम उपचार प्रदान किया जाए।