उधमपुर में बस दुर्घटना: 20 लोगों की जान गई, पीएम मोदी ने जताया शोक
उधमपुर में भीषण बस हादसा
उधमपुर। जम्मू-श्रीनगर मार्ग पर एक यात्री बस के खाई में गिरने से 20 लोगों की मृत्यु हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया है। पीएम ने मृतकों के परिवारों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे में मृतकों की संख्या 15 से बढ़कर 20 हो गई है। अधिकारियों के अनुसार, यह दुर्घटना सोमवार सुबह रामनगर क्षेत्र के कागोट गांव के पास हुई, जब एक यात्री बस पहाड़ी सड़क पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।
बस एक दूरदराज के गांव से उधमपुर की ओर जा रही थी, तभी चालक ने मोड़ पर नियंत्रण खो दिया और वाहन खाई में गिर गया। इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। प्रशासन और पुलिस की टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पूरे इलाके में शोक का माहौल है और प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए है।
हादसे के बाद केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने उधमपुर के उपायुक्त से बात की और गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था करने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है और प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं।
पीएम मोदी ने जताया शोक
इस भीषण बस हादसे में 20 लोगों की मौत और 20 से अधिक लोग घायल होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही, उन्होंने घोषणा की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार की सहायता दी जाएगी।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी हादसे पर दुख जताते हुए प्रशासन को राहत और बचाव कार्य तेज करने और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।