उदयपुर में जनजातीय खेलों के खिलाड़ियों की सराहना
केंद्रीय मंत्री की खिलाड़ियों से मुलाकात
जयपुर। केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने उदयपुर में अपने दौरे के दौरान ओलंपिक खेल लैक्रोज में भारत का नाम रोशन करने वाले जनजातीय क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने भारतीय महिला टीम की कप्तान सुनीता मीणा और राष्ट्रीय प्रशिक्षक नीरज बत्रा की उपलब्धियों की सराहना की।
मंत्री ने विशेष रूप से एशियन लैक्रोज गेम्स, रियाद (सऊदी अरब) में भारतीय टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन का जिक्र किया। उन्होंने प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ स्कोरर मोहनलाल गमेती की बहादुरी की प्रशंसा की, जिन्होंने इराक के खिलाफ मैच में गंभीर चोट के बावजूद खेलना जारी रखा। मोहनलाल ने पाकिस्तान के खिलाफ महत्वपूर्ण मुकाबले में अद्वितीय साहस और आत्मविश्वास का परिचय दिया, जिससे भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में मदद मिली।
इस अवसर पर जनजातीय क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि राजस्थान अब लैक्रोज का एक प्रमुख केंद्र बन चुका है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार जल्द ही लैक्रोज को खेल नीति में शामिल करेगी, जिससे खिलाड़ियों को रोजगार और बेहतर अवसर मिल सकें।
उदयपुर लोकसभा सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने खिलाड़ियों को ओलंपिक की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया और समाजसेवी गजपाल सिंह राठौड़ ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम में उदयपुर संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने जनजातीय क्षेत्र के खिलाड़ियों के विकास के लिए राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजस्थान माइन्स एवं मिनरल्स लिमिटेड (आरएसएमएमएल) द्वारा वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।