उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर के खिलाफ बढ़ते विरोध प्रदर्शन
स्मार्ट मीटर पर लोगों का आक्रोश
लखनऊ समाचार: उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटरों के खिलाफ लोगों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रतिदिन लोग इन मीटरों को अपने घरों से निकालकर बिजली कार्यालयों में फेंकते हुए नजर आ रहे हैं। कहीं लोग मीटरों को सिर पर रखकर जुलूस निकाल रहे हैं, तो कहीं उन्हें जमीन पर पटककर अपना विरोध जता रहे हैं। सोशल मीडिया पर विभिन्न जिलों से ऐसे वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। आगरा, फिरोजाबाद, मुरादाबाद, मेरठ, हमीरपुर, हापुड़ और लखनऊ में इस मुद्दे पर बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हो रहे हैं.
योगी सरकार ने 20 अप्रैल को राहत 1.0 की घोषणा की थी और एक विशेषज्ञ समिति का गठन किया था, जिसे 10 दिन में अपनी रिपोर्ट पेश करनी थी। यह समय सीमा 30 अप्रैल को समाप्त हो गई, और अब लोग समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं। पहली राहत घोषणा में 2 किलोवाट तक के उपभोक्ताओं को तीन दिन का ग्रेस पीरियड दिया गया था, जिसमें 200 रुपए तक के नेगेटिव बैलेंस पर और छुट्टी के दिनों में कनेक्शन न काटने की सुविधा शामिल थी। लेकिन लोगों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए सरकार ने राहत 2.0 की घोषणा भी की थी.
इस योजना के तहत 1 किलोवाट तक के घरेलू उपभोक्ताओं को 30 दिनों तक बिजली कनेक्शन न काटने का आश्वासन दिया गया था। इसका मतलब था कि उपभोक्ताओं को पोस्टपेड मोड में 30 दिनों के भीतर रिचार्ज करना होगा। हालांकि, 24 अप्रैल को दूसरी राहत की घोषणा के बावजूद, लोगों में गुस्सा बरकरार रहा और प्रदर्शन जारी हैं.
जबरन स्मार्ट मीटर लगाने का आरोप
उपभोक्ताओं के साथ-साथ विपक्ष और राज्य उपभोक्ता परिषद ने भी इस मुद्दे पर मोर्चा संभाला है। राज्य उपभोक्ता परिषद ने जबरन मीटर लगाने का आरोप लगाते हुए विद्युत नियामक आयोग से संपर्क किया है और मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है। स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार पर तीखा हमला किया है.
अखिलेश यादव ने कहा कि लोग स्मार्ट मीटरों को तोड़कर फेंक रहे हैं और भाजपा की तकनीक पर भरोसा नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने बिजली का उत्पादन नहीं किया है, फिर भी स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। आज महिलाएं भी इस विरोध में शामिल हो गई हैं और मीटर फेंक रही हैं.
75 लाख स्मार्ट मीटर लगाए गए
उत्तर प्रदेश में अब तक लगभग 75 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। लोगों का आरोप है कि ये मीटर तेजी से चलते हैं और बिल अधिक आते हैं। प्रीपेड मीटर में बैलेंस जल्दी खत्म होता है। एक व्यक्ति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह कहता है कि उसका घर बंद है और MCB भी गिरा दी गई है, फिर भी बैलेंस रोजाना कट रहा है. उसने यह वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो वायरल हो गया.
जब 24 अप्रैल को 1 किलोवाट तक के घरेलू उपभोक्ताओं के लिए सरकार ने 30 दिन का ग्रेस पीरियड घोषित किया, तो उम्मीद थी कि लोगों का गुस्सा कम होगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। 1 किलोवाट लोड श्रेणी में 42 लाख उपभोक्ता आते हैं, लेकिन अब उपभोक्ताओं की सीधी मांग है कि स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर वापस लाए जाएं। RDSS के तहत स्मार्ट मीटर लगाने की डेडलाइन मार्च 2028 तक बढ़ा दी गई है। ऐसे में सवाल उठता है कि इस विवाद के बीच सरकार को जल्दी किस बात की है?