×

उत्तर प्रदेश में सामूहिक नकल के आरोप में 11 लोग गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश की एसटीएफ ने प्रयागराज में आयोजित एक परीक्षा में सामूहिक नकल के आरोप में 11 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। इनमें प्रधानाचार्य और कई सॉल्वर शामिल हैं। जांच में 5.10 लाख रुपये नकद और अन्य सामग्री बरामद की गई है। यह मामला उप्र सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है। जानें इस मामले की पूरी जानकारी और आगे की कार्रवाई के बारे में।
 

प्रयागराज में परीक्षा केंद्र पर कार्रवाई

उत्तर प्रदेश की एसटीएफ की प्रयागराज शाखा ने नैनी स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में आयोजित अखिल भारतीय व्यावसायिक परीक्षा की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) में नकल के आरोप में प्रधानाचार्य सहित 11 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ के एक अधिकारी ने जानकारी दी कि गिरफ्तार किए गए लोगों में प्रधानाचार्य अशोक कुमार के साथ-साथ पांच सॉल्वर - शिवम कुमार, रणविजय सिंह, जय सिंह, जितेंद्र पटेल और दिलीप कुमार शामिल हैं। इसके अलावा परीक्षा प्रभारी रवि प्रकाश और चार अनुदेशक - फूल प्रकाश, धीरज कुमार, राजेश कुमार एवं राजकुमार मौर्य भी गिरफ्तार हुए हैं।


अधिकारी ने बताया कि एसटीएफ की टीम ने परीक्षा केंद्र से पांच प्रवेश पत्रों की छाया प्रति, पांच मॉनिटर, सीपीयू, कीबोर्ड, माउस, 5.10 लाख रुपये नकद, परीक्षा से संबंधित दस्तावेज और छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए।


सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, 11 जुलाई से आठ अगस्त तक तीन पालियों में आयोजित सीबीटी परीक्षा में अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा धन लेकर सामूहिक नकल कराई जा रही थी। बुधवार को एसटीएफ ने परीक्षा केंद्र पर छापा मारा और पाया कि मूल परीक्षार्थियों की जगह सॉल्वर परीक्षा दे रहे थे। पूछताछ में अभियुक्त रवि प्रकाश ने बताया कि प्रधानाचार्य ने उसे परीक्षा प्रभारी नियुक्त किया था।


उसने यह भी बताया कि कमजोर परीक्षार्थियों से पैसे लेकर उनके स्थान पर अलग कमरे में सॉल्वर बैठाकर परीक्षा कराई जा रही थी। इन आरोपियों के खिलाफ नैनी थाने में बीएनएस की धाराओं और उप्र सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।