उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर, बांदा में तापमान 48 डिग्री पार
गर्मी से बेहाल उत्तर प्रदेश
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अत्यधिक गर्मी ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है। बांदा में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है, जो देश में सबसे अधिक है। शुक्रवार को दुनिया के 50 सबसे गर्म शहरों में से 26 केवल उत्तर प्रदेश के थे। बांदा, प्रयागराज, अयोध्या, वाराणसी, जौनपुर, गोरखपुर, इटावा और मुजफ्फरनगर जैसे शहरों में तापमान 45 डिग्री से ऊपर है। मुजफ्फरनगर में तो तापमान 46 डिग्री से अधिक पहुंच गया है, जिससे लोग गर्मी से परेशान हैं.
रेड अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को 10 जिलों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है। बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, वाराणसी, भदोही और जौनपुर में भीषण गर्मी की संभावना है।
ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी
मौसम विभाग ने 34 जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' भी जारी किया है, जिसमें सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, कानपुर, रायबरेली, और आगरा शामिल हैं। यहां लू चलने और गंभीर लू की स्थिति का पूर्वानुमान है.
येलो अलर्ट का भी ऐलान
देवरिया, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, और लखनऊ समेत 17 जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है, जिसमें लू की स्थिति का अनुमान जताया गया है.
तापमान में वृद्धि की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। प्रयागराज में 46.6 डिग्री, वाराणसी में 45.6 डिग्री, और लखनऊ में 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक है.