इटली में 'मिसेज डाउटफायर स्कैंडल': बेटे ने मां की पेंशन के लिए अपनाया धोखाधड़ी का तरीका
इटली में अनोखा धोखाधड़ी मामला
रोम: इटली में एक 56 वर्षीय व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगे हैं। उस पर आरोप है कि उसने अपनी मृत मां की पेंशन को वर्षों तक अपने नाम पर लिया। इसके लिए उसने अपनी मां का रूप धारण किया। इस धोखाधड़ी को इटली के अधिकारियों ने 'मिसेज डाउटफायर स्कैंडल' का नाम दिया है।
यह नाम एक प्रसिद्ध कॉमेडी फिल्म से लिया गया है, जिसमें रॉबिन विलियम्स ने एक बुजुर्ग नानी का किरदार निभाया था। फिल्म में वह अपने बच्चों के पास रहने के लिए एक महिला का रूप धारण करता है। अब इस फिल्म का नाम उन मामलों में इस्तेमाल किया जा रहा है, जहां लोग किसी और का रूप धारण करते हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, यह बेरोजगार व्यक्ति अपनी मृत मां के नाम पर मिलने वाली पेंशन के लिए लगभग तीन साल तक उनकी पहचान बनाए रखा। वह न केवल अपनी मां की तरह कपड़े पहनता था, बल्कि उनकी आवाज और चलने के तरीके की नकल भी करता था, ताकि किसी को शक न हो।
धोखाधड़ी का खुलासा
इटली के एक समाचार पत्र के अनुसार, आरोपी ने अपनी 82 वर्षीय मां ग्राजिएला डाल’ओग्लियो की मृत्यु की सूचना कभी नहीं दी। उनकी मृत्यु प्राकृतिक कारणों से हुई थी। मां की मौत के बाद, बेटे ने उनके शव को एक स्लीपिंग बैग में भरकर लॉन्ड्री रूम में छिपा दिया। समय के साथ शव खराब हो गया। इस दौरान, उसने मेकअप और कपड़े पहनकर सरकारी अधिकारियों को धोखा देने के लिए अपनी मां की पहचान पत्र को भी अपडेट करवा लिया।
यह भी पता चला है कि वह अपनी मां की पेंशन और उनकी संपत्तियों से सालाना लगभग 61,000 डॉलर (लगभग 50 लाख रुपये) कमा रहा था। इस धोखाधड़ी का पर्दाफाश तब हुआ जब एक सरकारी कर्मचारी ने पहचान पत्र नवीनीकरण के दौरान कुछ असामान्य देखा। कर्मचारी ने महिला के चेहरे के फीचर्स और गहरी आवाज पर ध्यान दिया। शक होने पर अधिकारियों ने पुराने रिकॉर्ड से तुलना की और मामले का खुलासा हो गया। इसके बाद पुलिस ने घर की तलाशी ली, जहां मां का शव बरामद हुआ।