इंदौर में अंधविश्वास के चलते साथी मजदूर की हत्या, आरोपी ने बताया भूतों का डर
इंदौर में भयानक हत्या का मामला
इंदौर समाचार: मध्य प्रदेश के इंदौर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपने साथी मजदूर की निर्मम हत्या कर दी। आरोपी को संदेह था कि उसके साथी ने उस पर काला जादू किया है, जिसके कारण उसे सपनों में भूत दिखाई देते थे।
यह घटना तीन दिन पहले हुई, जब पुलिस को राजेंद्र नगर के एक खुले मैदान में एक अज्ञात युवक का खून से सना शव मिला। मृतक का चेहरा पत्थर से बुरी तरह कुचला गया था ताकि उसकी पहचान न हो सके। पुलिस के लिए यह एक ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री बन गई थी, लेकिन मौके से मिले दो बिना सिम कार्ड वाले कीपैड मोबाइल फोन ने जांच की दिशा बदल दी।
मोबाइल और साइबर सेल ने खोला राज
साइबर सेल की मदद से जब फोन का डेटा खंगाला गया, तो मृतक की पहचान सागर निवासी गोलू उर्फ कृष्ण कुमार अहिरवार के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी विकास को बैतूल से गिरफ्तार किया। उसके दो अन्य साथियों, भूरा और कृष्णा को भी पकड़ा गया।
भूत-प्रेत का डर बना कत्ल की वजह
पूछताछ में विकास ने बताया कि उसे पिछले कुछ समय से ऐसा लग रहा था कि उसकी मानसिक स्थिति गोलू के तंत्र-मंत्र के कारण बिगड़ रही है। उसे अजीबोगरीब साये और भूत दिखाई देते थे। विकास ने कहा, 'गोलू की वजह से मुझे भूत दिखते थे।'
जानकारी के अनुसार, शाम को सभी मजदूर मैदान में बैठकर शराब पी रहे थे। नशे की हालत में विकास और गोलू के बीच तंत्र-मंत्र को लेकर विवाद हुआ। गुस्से और डर के आवेश में आकर विकास ने पास पड़ी ईंट से गोलू के सिर पर वार कर दिया। पहचान छिपाने के लिए उसने चेहरे को पत्थर से कुचल दिया।
तीनों आरोपियों ने कबूला अपना जुर्म
डीजीपी कृष्ण लालचंदानी के अनुसार, तीनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है और वे वर्तमान में पुलिस रिमांड पर हैं। यह घटना समाज में फैले अंधविश्वास के उस काले चेहरे को उजागर करती है, जहां एक भ्रम के कारण किसी की जान लेना सामान्य हो जाता है।