इंदिरा गांधी हवाई अड्डा बना वर्ष का सर्वश्रेष्ठ हवाई अड्डा
विंग्स इंडिया 2026 पुरस्कारों में सम्मान
दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा आयोजित विंग्स इंडिया 2026 पुरस्कारों में वर्ष का सर्वश्रेष्ठ हवाई अड्डा घोषित किया गया। इस अवसर पर एअर इंडिया को घरेलू सेवा (कनेक्टिविटी) श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ का खिताब मिला।
ये पुरस्कार केंद्रीय मंत्री के. राम मोहन नायडू द्वारा प्रदान किए गए।
बेंगलुरु का केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा 25 मिलियन से अधिक वार्षिक यात्रियों (एमपीपीए) की श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ हवाई अड्डा बना। पुणे हवाई अड्डे ने 10-25 मिलियन एमपीपीए श्रेणी में शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि लखनऊ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को 5-10 मिलियन एमपीपीए श्रेणी में सम्मानित किया गया।
इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड को सर्वश्रेष्ठ विमानन सेवा प्रदाता का पुरस्कार मिला, जबकि कार्गो सेवाओं की श्रेणी में एअर इंडिया लिमिटेड और डब्ल्यूएफएस (बेंगलुरु) प्राइवेट लिमिटेड ने संयुक्त रूप से पुरस्कार जीते।