आज के प्रमुख समाचार: पीएम मोदी का उद्घाटन, एशिया कप की हलचल और जुबिन गर्ग का निधन
मुख्य घटनाक्रम
नमस्कार, देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों के लिए पढ़िए आज का संक्षिप्त समाचार। सबसे पहले जानते हैं आज के प्रमुख इवेंट्स...
- प्रधानमंत्री मोदी गुजरात के भावनगर में ₹34,200 करोड़ के विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही समुद्री व्यापार से जुड़े ₹7,870 करोड़ के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास भी करेंगे। इसके बाद इंदिरा डॉक पर मुंबई अंतर्राष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल का उद्घाटन होगा।
- एशिया कप में श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच सुपर-4 स्टेज का मुकाबला होगा। सुपर-4 के पॉइंट्स टेबल में शीर्ष दो स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच 28 सितंबर को दुबई में फाइनल खेला जाएगा।
देश-दुनिया की 5 बड़ी खबरें
- देश की पहली बुलेट ट्रेन 2027 में चलेगी, 508KM का सफर 2 घंटे में तय होगा
- राजस्थान में चपरासी की परीक्षा देने पहुंचे 24.75 लाख युवा, 75% ओवरक्वालिफाइड
- नाटो को रूस की खुली चुनौती, एस्टोनिया की सीमा में दाखिल हुए 3 लड़ाकू विमान
- एशिया कप: संजू सैमसन का धीमा अर्धशतक का रिकॉर्ड
- सिंगर जुबिन गर्ग का निधन, 3 साल में गाना शुरु किया, 19 की उम्र में आया पहला एल्बम
भारत की पहली बुलेट ट्रेन मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर पर 2027 तक शुरू होने की योजना है। यह 508 किमी लंबा रूट होगा, जिसमें 12 स्टेशन शामिल हैं। ट्रेन 2 घंटे 7 मिनट में यात्रा पूरी करेगी और इसकी अधिकतम गति 320 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। इस रूट पर 25 पुल बनाए जाएंगे, जिनमें 21 गुजरात और 4 महाराष्ट्र में होंगे। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि स्टेशनों का डिज़ाइन आधुनिक और स्थानीय संस्कृति पर आधारित होगा।
राजस्थान में 54,000 चपरासी पदों के लिए 25 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने आवेदन किया है, जिनमें से 75% ओवर-क्वालिफाइड हैं, जिनके पास पीएचडी, पोस्ट ग्रेजुएट, डबल एमए, B.Ed की डिग्री है। परीक्षा 19, 20 और 21 सितंबर को आयोजित की जा रही है। 38 जिलों में 1286 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां हर पारी में लगभग 4.11 लाख अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
रूस के तीन मिग-31 लड़ाकू विमान शुक्रवार को बिना अनुमति के नाटो देश एस्टोनिया के हवाई क्षेत्र में 12 मिनट तक घुसे। यह घटना पोलैंड में रूसी ड्रोन घुसपैठ के 10 दिन बाद हुई, जब 20 से अधिक ड्रोन नाटो सीमा में दाखिल हुए थे। विशेषज्ञों के अनुसार, रूस नाटो की प्रतिक्रिया और तैयारी को परख रहा है, जिससे दोनों के बीच तनाव बढ़ गया है।
एशिया कप में ओमान के खिलाफ संजू सैमसन ने 56 रन की पारी खेली, लेकिन उनकी धीमी बल्लेबाजी को लेकर आलोचना हुई। संजू ने अर्धशतक के लिए 41 गेंदें लीं, जो उनके टी20 करियर की सबसे धीमी फिफ्टी रही। 45 गेंदों में 56 रन बनाकर उनका स्ट्राइक रेट 124.44 रहा।
प्रसिद्ध गायक जुबिन गर्ग का सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान हादसे में निधन हो गया। 52 साल के जुबिन ने 30,000 से अधिक गाने रिकॉर्ड किए थे और 12 म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट बजा सकते थे। उन्होंने 3 साल की उम्र में गाना शुरू किया और 19 की उम्र में एल्बम ‘अनामिका’ रिलीज किया।
फोटो ऑफ द डे
19 सितंबर 2025 को स्विट्जरलैंड के ब्लैटन गांव में पुनर्निर्माण का कार्य शुरू हुआ। यह गांव 3 महीने पहले भूस्खलन के कारण बर्बाद हो गया था। पुनर्निर्माण से पहले यहां तबाही की तस्वीरें दिखाई गईं। (फोटो क्रेडिट- AP/PTI)
राज्यों की 5 बड़ी खबरें
- उत्तर प्रदेश में SIR, विधान परिषद के चुनाव से पहले कराने की योजना।
- दिशा पाटनी फायरिंग केस में पांचवें आरोपी का एनकाउंटर, घर की रेकी में शामिल था।
- महाराष्ट्र के पालघर में केमिकल कंपनी में धमाका, एक मजदूर की मौत, 4 घायल।
- होमबाउंड का ऑस्कर में भेजा जाना MP के लिए गौरव की बात, CM ने दी शुभकामनाएं।
- जम्मू-कश्मीर में 100 से ज्यादा सोशल मीडिया हैंडल ब्लॉक, हिंसा भड़काने का आरोप।