आईआईटी मुंबई के मेस को एफडीए ने बंद करने का दिया आदेश
आईआईटी मुंबई के मेस प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई
मुंबई, 7 अगस्त: महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने शुक्रवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मुंबई के दो मेस प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किया है। एफडीए ने इन मेस के संचालन को रोकने का आदेश दिया है, क्योंकि इनके पास आवश्यक अनुमति और पंजीकरण नहीं था। निरीक्षण के दौरान, पवई क्षेत्र में स्थित आईआईटी के छात्रावास संख्या एक और दो के मेस में यह कमी पाई गई।
इसके अलावा, छात्रावास संख्या 12, 13 और 14 की मेस सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया, जिसमें कुछ कमियां सामने आईं। एफडीए ने भोजन आपूर्तिकर्ता को नोटिस जारी कर आवश्यक सुधार करने के लिए कहा है। नए एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में, राज्य सरकार की एजेंसी ने खाद्य सुरक्षा अभियान के तहत कई रेस्तराओं और भोजनालयों के लाइसेंस भी निलंबित कर दिए हैं।