अहमदाबाद विमान दुर्घटना पर राष्ट्रपति मुर्मू की संवेदनाएं
राष्ट्रपति मुर्मू का शोक संदेश
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को अहमदाबाद में हुई विमान दुर्घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने इस घटना में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में, मुर्मू ने गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की मृत्यु पर भी शोक प्रकट किया। उन्होंने कहा, "अहमदाबाद में विमान दुर्घटना में हुई जान-माल की हानि अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। इस त्रासदी में हमने पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी जी को भी खो दिया है, जो हमेशा जन कल्याण के प्रति समर्पित रहे। मैं उनके परिवार और समर्थकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं।"
राष्ट्रपति ने एक अन्य पोस्ट में इस दुर्घटना को हृदय विदारक बताया और कहा कि पूरा देश इस कठिन समय में प्रभावित लोगों के साथ खड़ा है।
उन्होंने आगे कहा, "यह एक हृदय विदारक आपदा है। मेरी प्रार्थनाएं और संवेदनाएं प्रभावित लोगों के साथ हैं। राष्ट्र इस अवर्णनीय दुख की घड़ी में उनके साथ है।"
गौरतलब है कि लंदन के गैटविक के लिए उड़ान भरने वाली एअर इंडिया की उड़ान (एआई171) अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अपराह्न करीब 1:40 बजे उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस विमान में चालक दल के सदस्यों सहित कुल 242 लोग सवार थे।