असम के मुख्यमंत्री ने मंत्रिपरिषद के विस्तार की घोषणा की
मंत्रिपरिषद का विस्तार अगले सप्ताह
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को जानकारी दी कि अगले सप्ताह नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण के साथ उनकी मंत्रिपरिषद का विस्तार किया जाएगा।
शर्मा को 12 मई को राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य द्वारा लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई गई थी। उनके शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के मुख्यमंत्रियों और अन्य प्रमुख व्यक्तियों ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री के साथ चार अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ली, जिनमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अजंता नियोग और रामेश्वर तेली, असम गण परिषद के अतुल बोरा और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के चरन बोरो शामिल थे।
शर्मा ने ‘एक्स’ पर लिखा, "मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि असम सरकार की मंत्रिपरिषद का विस्तार पांच जून, 2026 को किया जाएगा।"
हालांकि, उन्होंने नए मंत्रियों की संख्या या उनके नामों का खुलासा नहीं किया। भाजपा के नेतृत्व वाला राजग राज्य में लगातार तीसरी बार सत्ता में आया है, जिसने 126 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटें जीतीं। भाजपा ने नौ अप्रैल को हुए चुनाव में 82 सीटें हासिल कीं, जबकि उसके सहयोगी दलों असम गण परिषद और बीपीएफ ने 10-10 सीटों पर जीत दर्ज की।