अमेरिका में ट्रम्प के खिलाफ 'नो किंग्स' मार्च में लाखों की भागीदारी
ट्रम्प के खिलाफ विशाल प्रदर्शन
वॉशिंगटन। शनिवार को अमेरिका में लाखों लोगों ने ट्रम्प के खिलाफ 'नो किंग्स' मार्च का आयोजन किया। इस रैली में लगभग 80 लाख लोगों ने भाग लिया। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पूरे देश के 50 राज्यों में 3,300 से अधिक स्थानों पर ये प्रदर्शन आयोजित किए गए।
आयोजकों के अनुसार, अक्टूबर में हुए पिछले 'नो किंग्स' प्रदर्शनों की तुलना में इस बार लगभग 10 लाख अधिक लोग शामिल हुए और कार्यक्रमों की संख्या में भी 600 का इजाफा हुआ।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे ट्रम्प प्रशासन की कई नीतियों से असंतुष्ट हैं। उनका गुस्सा विशेष रूप से ईरान के साथ बढ़ते तनाव, कड़े इमिग्रेशन नियमों और बढ़ती महंगाई के कारण है। कई स्थानों पर लोगों ने ट्रम्प और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के खिलाफ पोस्टर प्रदर्शित किए और उन्हें पद से हटाने की मांग की।
अब तक ट्रम्प के खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर तीन 'नो किंग्स' प्रदर्शन हो चुके हैं। पहला बड़ा प्रदर्शन जून 2025 में हुआ, इसके बाद अक्टूबर 2025 में दूसरा और हालिया प्रदर्शन 28 मार्च को आयोजित किया गया।