अखिलेश यादव बिहार चुनाव में इंडिया गठबंधन के लिए करेंगे प्रचार
अखिलेश यादव का चुनावी अभियान
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बिहार विधानसभा चुनाव में 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस' (इंडिया) के उम्मीदवारों के समर्थन में बृहस्पतिवार और शनिवार को कई चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
इसकी जानकारी सपा के मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व मंत्री राजेन्द्र चौधरी ने दी।
चौधरी के अनुसार, यादव बृहस्पतिवार को पूर्वी चम्पारण जिले के मोतीहारी विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी देव गुप्ता के समर्थन में दोपहर साढ़े 12 बजे और सीतामढ़ी जिले के रून्निसैदपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी चंदन कुमार के लिए एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
इसके अलावा, यादव आठ नवंबर, शनिवार को तीन चुनावी जनसभाओं में भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि यादव पूर्णिया जिले के धमदहा विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी संतोष कुशवाहा, मधुबनी जिले के राजनगर विधानसभा क्षेत्र में प्रोफेसर विष्णु कुमार और बिस्फी विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी आसिफ अहमद के पक्ष में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।
बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में छह और 11 नवंबर को आयोजित होंगे, जबकि परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।