अखिलेश यादव ने राम मंदिर चढ़ावे चोरी पर भाजपा को घेरा
अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला
लखनऊ, 5 अगस्त: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या में राम मंदिर में हुई कथित चढ़ावे की चोरी के मामले में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि जो लोग 'राम धन' की चोरी में शामिल हैं, उन्हें प्रभु श्रीराम इस बार जीतने नहीं देंगे। सपा मुख्यालय में आयोजित 'ब्राह्मण सम्मेलन' में बोलते हुए, अखिलेश ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वे छोटे कर्मचारियों को पकड़कर बड़े लोगों को बचा रहे हैं।
उन्होंने कहा, "भाजपा के लोग आजकल छिपकर घूम रहे हैं। दान पात्र पर ताला है, लेकिन नीचे से सुरंग बनाकर चोरी की गई है। भाजपा ने महापाप किया है, उन्होंने प्रभु श्रीराम का चढ़ावा तक चुरा लिया है।"
अखिलेश ने कहा, "जिन्होंने 'राम धन' की चोरी की है, प्रभु श्रीराम उन्हें इस बार जीतने नहीं देंगे। उनके महापाप की सजा उन्हें अवश्य मिलेगी।" उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वे बड़े दोषियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा, "जब चोरी का मामला सामने आया, तो छोटे कर्मचारियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। सच्चाई यह है कि चोरी इतनी बड़ी है कि हम उसकी कल्पना भी नहीं कर सकते। ये छोटे कर्मचारी इस चोरी में शामिल नहीं हो सकते।"
अखिलेश ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर कटाक्ष करते हुए कहा, "मुख्यमंत्री जी अयोध्या जाने का विश्व रिकॉर्ड बना रहे थे, फिर भी उन्हें चंदा चोरी के बारे में कोई जानकारी नहीं हुई।"
उन्होंने भाजपा के सदस्यों पर आरोप लगाया कि वे सपा के कार्यकर्ताओं से राम मंदिर में चंदा देने की रसीद मांग रहे हैं।
अखिलेश ने कहा, "यह हिंदू परंपराओं के खिलाफ है, क्योंकि दान की रसीद कभी नहीं मिलती।" उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें रसीद याद आ रही है क्योंकि वह खुद नकली रसीद घोटाले में शामिल हैं।
अखिलेश ने ई20 पेट्रोल के मामले में भी शिकायतों का जिक्र किया और कहा कि इसमें बड़ा खेल चल रहा है। उन्होंने भाजपा का एक फुल फॉर्म भी बताया, जिसमें बी का मतलब भ्रष्ट, जे का अर्थ जुल्मी और पी का मतलब पापी है।
उन्होंने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के निर्माण में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और भाजपा के शासनकाल में बने अन्य एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। अखिलेश ने कहा कि भाजपा के शासन में जनता के साथ अन्याय हुआ है।