अक्टूबर 2025 में प्रमुख त्योहारों की तारीखें और महत्व
अक्टूबर का धार्मिक महत्व
अक्टूबर का महीना धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि इस दौरान कई व्रत और त्योहार मनाए जाते हैं। इस महीने की शुरुआत कार्तिक मास से होती है, जिसे त्योहारों के संदर्भ में विशेष माना जाता है। कार्तिक मास में दीपावाली, धनतेरस, छठ पूजा, करवा चौथ और गोवर्धन पूजा जैसे प्रमुख त्योहार शामिल हैं। इस लेख में हम करवा चौथ, धनतेरस, दिवाली और छठ पूजा की तिथियों और उनके महत्व पर चर्चा करेंगे।
करवा चौथ, धनतेरस, दिवाली और छठ पूजा 2025
- 10 अक्टूबर 2025 – करवा चौथ
- 18 अक्टूबर 2025 – धनतेरस
- 20 अक्टूबर 2025 – दीवाली
- 27 अक्टूबर 2025 – छठ पूजा
करवा चौथ 2025
करवा चौथ का पर्व हर साल कार्तिक माह की कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को मनाया जाता है। इस दिन विवाहित महिलाएं अपने पतियों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि के लिए उपवास करती हैं। महिलाएं सुबह से निर्जला उपवास रखती हैं और शाम को चंद्रमा को अर्घ्य देकर अपना व्रत समाप्त करती हैं। इस वर्ष करवा चौथ 10 अक्टूबर 2025 को मनाया जाएगा, साथ ही संकष्टी चतुर्थी भी इसी दिन होगी।
धनतेरस 2025
धनतेरस, जिसे धन त्रयोदशी भी कहा जाता है, का विशेष महत्व है। यह दीपावली उत्सव के पहले दिन के रूप में मनाया जाता है। हर साल कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी को धनतेरस मनाया जाता है। इस दिन भगवान धन्वंतरि, मां लक्ष्मी और धन के देवता कुबेर की पूजा की जाती है। इस साल धनतेरस 18 अक्टूबर 2025 को मनाया जाएगा, और इसी दिन शनि प्रदोष व्रत भी किया जाएगा।
दीपावली 2025
दीपावली का त्योहार हर साल कार्तिक मास की अमावस्या को मनाया जाता है। इस वर्ष दिवाली 20 अक्टूबर 2025 को होगी। इस दिन नरक चतुर्दशी भी मनाई जाएगी, जिसे छोटी दिवाली कहा जाता है। इस बार छोटी और बड़ी दीपावली एक ही दिन मनाई जाएगी। दिवाली के दिन मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा का विशेष महत्व होता है।
छठ पूजा 2025
छठ महापर्व हर साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी को मनाया जाता है। यह त्योहार विशेष रूप से बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। इस व्रत में महिलाएं और पुरुष निराहार उपवास रखते हैं और सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। धार्मिक मान्यता है कि सूर्य की उपासना से संतान सुख और समृद्धि की प्राप्ति होती है। छठ पूजा का पर्व चार दिनों तक चलता है, जो 27 अक्टूबर 2025 से शुरू होगा।