हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में nepotism का आरोप, सुरजेवाला ने उठाए सवाल
सुरजेवाला का आरोप
चंडीगढ़, 28 जुलाई: कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मंगलवार को एक समाचार रिपोर्ट का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) के कुलपति बलदेव राज कंबोज ने नियमों का उल्लंघन करते हुए अपनी पत्नी को ‘कैम्पस स्कूल’ का निदेशक बना दिया और उन्हें अनुचित वित्तीय लाभ प्रदान किया। सुरजेवाला ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि योग्य युवा भर्ती का इंतजार कर रहे हैं, जबकि सत्ता में बैठे लोग सरकारी संस्थानों को ‘पारिवारिक संपत्ति’ में बदल रहे हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट में समाचार की कतरन साझा करते हुए कहा, ‘‘कुलपति ने सभी नियमों को नजरअंदाज करते हुए अपनी पत्नी को ‘कैम्पस स्कूल’ का निदेशक नियुक्त किया और उन्हें अनुचित वित्तीय लाभ दिया।’’
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कंबोज ने बिना आवेदन आमंत्रित किए या कोई सार्वजनिक विज्ञापन जारी किए यह नियुक्ति की। सुरजेवाला ने कहा कि इस नियुक्ति के लिए जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) के एक रिक्त पद का नाम बदल दिया गया और सेवा नियमों में ढील देकर सेवानिवृत्ति की आयु को 58 से बढ़ाकर 60 वर्ष कर दिया गया। इसके अलावा, उन्होंने यह भी बताया कि इस नियुक्ति का विरोध कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया और उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। सुरजेवाला ने सवाल किया कि क्या मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कुलपति कंबोज के खिलाफ कोई कार्रवाई करेंगे या इस मामले को दबा देंगे।