पंजाब विधानसभा में प्रश्नपत्र लीक पर हंगामा, कांग्रेस ने मंत्री के इस्तीफे की मांग की
पंजाब विधानसभा में हंगामे का माहौल
चंडीगढ़, तीन अगस्त: पंजाब विधानसभा में सोमवार को विपक्षी दल कांग्रेस के विधायकों ने प्रश्नपत्र लीक के आरोपों को लेकर हंगामा किया और शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग की। मानसून सत्र के पहले दिन, जब कांग्रेस के विधायक विधानसभा अध्यक्ष के आसन के पास पहुंचे, तो अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने कार्यवाही को कुछ समय के लिए स्थगित कर दिया।
प्रश्नकाल के दौरान, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने पिछले चार वर्षों में हुई परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक का मुद्दा उठाया। उन्होंने बैंस की ओर इशारा करते हुए कहा कि वह दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के प्रदर्शन में शामिल हुए थे, जहां उन्होंने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की थी। बाजवा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के कार्यकाल में परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने की छह घटनाएं हुईं और बैंस के इस्तीफे की मांग की।
फार्मेसी अधिकारी भर्ती परीक्षा के दौरान हाल में सामने आए नकल गिरोह का जिक्र करते हुए, बाजवा ने स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह के इस्तीफे की भी मांग की। इन आरोपों का जवाब देते हुए बैंस ने कहा कि वह प्रश्नकाल के बाद इस पर चर्चा करेंगे। कांग्रेस के विधायक बैंस और सिंह के इस्तीफे की मांग पर अड़े रहे, जबकि विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें कार्यवाही चलाने का आग्रह किया।
विधानसभा अध्यक्ष की बात को नजरअंदाज करते हुए, कांग्रेस विधायक आसन के पास आ गए और नारेबाजी करने लगे। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने सदन में कांग्रेस विधायकों के व्यवहार की आलोचना की और उन पर नाटक करने का आरोप लगाया। उन्होंने मान सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी नौकरियां केवल योग्यता के आधार पर दी गईं। कांग्रेस विधायकों की नारेबाजी और दोनों मंत्रियों के इस्तीफे की मांग के बीच, अध्यक्ष ने कुछ समय के लिए कार्यवाही स्थगित कर दी।
फार्मेसी अधिकारी भर्ती परीक्षा में हाल में नकल गिरोह की संलिप्तता के बाद, विपक्ष कई परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक के आरोपों को लेकर ‘आप’ सरकार को निशाना बना रहा है।