केरल के मुख्यमंत्री पर सरकारी हेलीकॉप्टर के दुरुपयोग का आरोप
मुख्यमंत्री सतीशन की निजी यात्रा पर विवाद
तिरुवनंतपुरम, एक अगस्त: केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन विपक्ष के निशाने पर आ गए हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने कोच्चि में अपनी निजी यात्रा के लिए सरकारी हेलीकॉप्टर का उपयोग किया। वाम नेताओं ने इस पर सार्वजनिक संसाधनों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सतीशन ने हाल ही में अपने ससुर से मिलने के लिए हेलीकॉप्टर का सहारा लिया। यह हेलीकॉप्टर कोदियार गोल्फ क्लब ग्राउंड से उड़ान भरकर कोच्चि जाने वाला था, लेकिन खराब मौसम के कारण यह वहां नहीं उतर सका और वापस तिरुवनंतपुरम लौट आया।
रिपोर्ट्स में बताया गया है कि मौसम में सुधार आने के बाद हेलीकॉप्टर ने फिर से उड़ान भरी। विपक्ष ने सतीशन की आलोचना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने राज्य के वित्तीय संकट का हवाला देते हुए पहले वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के खिलाफ सख्त रुख अपनाया था। अब, निजी यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर का उपयोग करके उन्होंने अपने ही शब्दों का उल्लंघन किया है।
पूर्व मंत्रियों और माकपा नेताओं, वी शिवनकुट्टी और एम बी राजेश ने फेसबुक पर मुख्यमंत्री की आलोचना की। शिवनकुट्टी ने बिना नाम लिए और विवाद का उल्लेख किए बिना कहा, 'एक हेलीकॉप्टर ने यू-टर्न ले लिया।' वहीं, राजेश ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने हेलीकॉप्टर से दो बार निजी यात्रा की।