ICC महिला T20 वर्ल्ड कप 2026: न्यूजीलैंड ने घोषित की टीम, तीन दिग्गज लेंगी संन्यास
ICC महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 की टीम की घोषणा
ICC महिला T20 वर्ल्ड कप 2026: न्यूजीलैंड ने आगामी ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। इस बार टीम में युवा प्रतिभाओं और अनुभवी खिलाड़ियों का एक अनूठा मिश्रण देखने को मिलेगा। नई खिलाड़ी पहली बार इस वर्ल्ड कप में भाग लेंगी, जबकि कुछ अनुभवी खिलाड़ी इस टूर्नामेंट के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने की योजना बना रही हैं। न्यूजीलैंड की कप्तानी अमेलिया केर करेंगी, जिन्होंने 2024 वर्ल्ड कप में 15 विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब जीता था। टीम में 2024 की चैंपियन स्क्वॉड के 10 खिलाड़ी शामिल हैं, जो खिताब को बचाने के इरादे से इंग्लैंड पहुंचेंगे।
इस बार ऑफस्पिन ऑलराउंडर नेंसी पटेल और बल्लेबाज इजी शार्प को पहली बार वर्ल्ड कप टीम में शामिल किया गया है। दोनों खिलाड़ियों ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। नेंसी पटेल ने इस साल फरवरी में जिम्बाब्वे के खिलाफ T20 इंटरनेशनल में डेब्यू किया और दूसरे ही मैच में 3 विकेट लेकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं, 21 वर्षीय इजी शार्प टीम की सबसे युवा खिलाड़ी हैं। उन्होंने 2023 में U19 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड की कप्तानी की थी और अब सीनियर वर्ल्ड कप में डेब्यू के लिए तैयार हैं। 202526 सुपर स्मैश में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए थे।
तीन खिलाड़ी लेंगी संन्यास
इस वर्ल्ड कप के साथ न्यूजीलैंड की दो प्रमुख खिलाड़ी सोफी डिवाइन और लिया ताहुहु अपने T20 करियर को समाप्त कर देंगी। दोनों ने पहले ही ODI क्रिकेट से संन्यास ले लिया था और अब यह टूर्नामेंट उनका अंतिम अंतरराष्ट्रीय अभियान होगा। अनुभवी बल्लेबाज सुजी बेट्स भी इस टूर्नामेंट के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहेंगी।
टीम के स्पिन विभाग में कप्तान केर के साथ सुजी बेट्स, फ्लोरा डेवोनशायर और नेंसी पटेल शामिल हैं, जो इंग्लैंड की परिस्थितियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। न्यूजीलैंड को ग्रुप 2 में इंग्लैंड, आयरलैंड, स्कॉटलैंड, श्रीलंका और वेस्टइंडीज के साथ रखा गया है। टीम टूर्नामेंट से पहले 6 और 9 जून को बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच खेलेगी।
T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए न्यूजीलैंड का शेड्यूल
- वेस्टइंडीज बनाम न्यूजीलैंड, 14 जून, साउथैम्पटन
- न्यूजीलैंड बनाम श्रीलंका, 17 जून, साउथैम्पटन
- न्यूजीलैंड बनाम आयरलैंड, 20 जून, साउथैम्पटन
- न्यूजीलैंड बनाम स्कॉटलैंड, 23 जून, ब्रिस्टल
- इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड, 28 जून, द ओवल
ICC महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए न्यूजीलैंड का स्क्वॉड: अमेलिया केर, सूजी बेट्स, सोफी डिवाइन, फ्लोरा डेवोनशायर, इजी गेज, मैडी ग्रीन, ब्रूक हॉलिडे, ब्री इलिंग, पॉली इंग्लिस, जेस केर, रोजमेरी मेयर, नेंसी पटेल, जॉर्जिया प्लिमर, इजी शार्प, लिया ताहुहु।