×

त्रिपुरा में जादू-टोना के शक में महिला की हत्या, तीन गिरफ्तार

पश्चिम त्रिपुरा के अभिचरण गांव में जादू-टोना के संदेह में 63 वर्षीय आदिवासी महिला की हत्या की गई। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कुछ स्थानीय लोगों ने महिला पर जादू-टोना करने का आरोप लगाया था, जिसके चलते उन्होंने उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
 

त्रिपुरा में हत्या का मामला

पश्चिम त्रिपुरा जिले के एक गांव में जादू-टोना के संदेह में 63 वर्षीय आदिवासी महिला की हत्या के आरोप में तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को इस घटना की जानकारी दी।


एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सिधाई थाना क्षेत्र के अभिचरण गांव में नंदरानी देववर्मा नाम की महिला के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने विशेष अभियान चलाया।


सिधाई थाना प्रभारी अजीत कुमार चकमा ने कहा, 'महिला का शव 26 अक्टूबर को अभिचरण के एक जंगल से बरामद किया गया। शव मिलने के बाद एक प्राथमिकी दर्ज की गई। हत्या में शामिल होने के आरोप में तीन स्थानीय व्यक्तियों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया।'


प्रारंभिक जांच से पता चला है कि कुछ स्थानीय निवासियों को संदेह था कि नंदरानी के जादू-टोना के कारण गांव के दो परिवारों में लोग बीमार हो गए थे। अधिकारी ने बताया कि इस गलत धारणा के चलते कुछ लोगों ने 26 अक्टूबर को नंदरानी के घर में घुसकर उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए उसे जंगल में दफना दिया।


गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।