ओडिशा में एक करोड़ रुपये के प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ दो गिरफ्तार
ओडिशा में पुलिस की कार्रवाई
भुवनेश्वर, चार अगस्त: ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से एक करोड़ रुपये मूल्य के प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किए हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को इस मामले की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए, एक टीम ने सोमवार को बड़माल के तुम्बेकेला के निकट एक ट्रक को रोका और गत्ते के 197 डिब्बों में छिपे कफ सिरप को जब्त किया।
अधिकारियों के अनुसार, जब्त की गई खेप में 100 मिलीलीटर की 23,640 शीशियाँ शामिल थीं, जिनमें कोडीन फॉस्फेट और ट्राइप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड सिरप मौजूद था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बिहार के मोहम्मद अहसान अहमद (38) और पश्चिम बंगाल के रिजवान अंसारी (28) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से ट्रक और 2.44 लाख रुपये भी जब्त किए हैं।
झारसुगुड़ा के पुलिस अधीक्षक जी. रेड्डी राघवेंद्र ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि यह खेप झारखंड के जगन्नाथपुर से लाई गई थी और इसे अवैध तरीके से वितरित किया जा रहा था। उन्होंने कहा, 'स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच जारी है ताकि प्रतिबंधित सामग्री के स्रोत का पता लगाया जा सके, अंतरराज्यीय आपूर्ति नेटवर्क की पहचान की जा सके और इस गिरोह में शामिल अन्य व्यक्तियों को पकड़ा जा सके।'