×

62 साल से बिना नींद के जी रहे वियतनामी किसान की अनोखी कहानी

वियतनाम के 81 वर्षीय किसान थाई नगोक ने 62 साल से नींद नहीं ली है। उनका दावा है कि 1962 में तेज बुखार के बाद से वह जागते ही रहते हैं। डॉक्टर भी उनकी स्थिति को लेकर हैरान हैं, क्योंकि विज्ञान के अनुसार, नींद के बिना इंसान कुछ ही दिनों में मर सकता है। नगोक की कहानी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसने लाखों लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। जानिए उनकी अनोखी जीवनशैली और विज्ञान की दृष्टि में उनकी स्थिति के बारे में।
 

नींद की कमी का अनोखा मामला


क्या आप कभी रात में नींद न आने से परेशान हुए हैं? एक रात की नींद की कमी से अगले दिन चिड़चिड़ापन महसूस होता है। अब सोचिए, अगर कोई व्यक्ति 62 साल से सो नहीं रहा हो तो? वियतनाम के किसान थाई नगोक (Thai Ngoc) का दावा है कि उन्होंने 1962 से एक पल भी नींद नहीं ली। 81 वर्षीय नगोक का कहना है कि तेज बुखार के बाद से उन्हें ना तो झपकी आती है और ना ही गहरी नींद। वह हमेशा जागते रहते हैं।


यह सुनकर डॉक्टर भी हैरान हैं, क्योंकि विज्ञान के अनुसार, नींद के बिना इंसान कुछ ही दिनों में मर सकता है। लेकिन नगोक न केवल जीवित हैं, बल्कि खेती, भारी काम और रोजमर्रा के सभी कार्य भी कर रहे हैं। उनकी यह कहानी सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही है, जिसने लाखों लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है।


कहानी की शुरुआत

थाई नगोक का जन्म 1942 में वियतनाम के क्वांग नाम प्रांत के एक छोटे से गांव में हुआ था। वियतनाम युद्ध के दौरान, जब वह 20 साल के थे, उन्हें तेज बुखार हुआ। बुखार तो उतर गया, लेकिन उनकी नींद चली गई। नगोक बताते हैं, "मैंने दवाइयां लीं, घरेलू उपाय किए, यहां तक कि शराब पीकर सोने की कोशिश की, लेकिन नींद नहीं आई।" उनकी पत्नी, बच्चे, दोस्त और पड़ोसी सभी इस बात की पुष्टि करते हैं कि उन्होंने कभी नगोक को सोते नहीं देखा। यूट्यूबर ड्रू बिंस्की ने 2023 में उनसे मिलने के लिए अरिजोना से वियतनाम का सफर किया। वह रातभर उनके साथ रहे, लेकिन नगोक जागते रहे। कभी खेतों में काम करते तो कभी चावल की शराब बनाते।


विज्ञान की दृष्टि

नगोक ने कई स्वास्थ्य जांच करवाई हैं, जिसमें कोई गंभीर बीमारी नहीं पाई गई। उनका रक्तचाप, हृदय और मस्तिष्क सभी सामान्य हैं। डॉक्टर हैरान हैं कि नींद मेमोरी, इम्यूनिटी और विकास के लिए आवश्यक है। बिना नींद के मस्तिष्क को विफल होना चाहिए, लेकिन नगोक पूरी तरह से स्वस्थ हैं। कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि शायद वह माइक्रो-स्लीप्स (कुछ सेकंड की अनजानी झपकियां) लेते होंगे, जो उन्हें याद नहीं रहतीं। नगोक का दिनचर्या अद्भुत है। वह दिन में खेतों का काम करते हैं और भारी सामान उठाते हैं। जब पड़ोसी सो जाते हैं, तो वह फिर से काम में लग जाते हैं। या तो शराब बनाते हैं या सोचते हैं। वह रोज एक बोतल 40-प्रूफ चावल की शराब पीते हैं और साथ ही 70 सिगरेट भी पीते हैं।