15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी का टीम इंडिया में चयन, सचिन का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका
भारतीय टी20 टीम का ऐलान
मुंबई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने शनिवार को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के साथ-साथ एशियन गेम्स के लिए भारतीय टी20 टीम की घोषणा की। इस टीम में एक ऐसा नाम शामिल है, जिसकी चर्चा पिछले कुछ हफ्तों से क्रिकेट जगत में हो रही थी। 15 वर्षीय विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का टीम इंडिया में खेलने का सपना अब सच हो गया है। चयनकर्ताओं ने उनकी शानदार फॉर्म को देखते हुए उन्हें सीनियर टीम में शामिल करने का साहसिक निर्णय लिया है।
IPL में वैभव की शानदार परफॉर्मेंस
वैभव का टीम इंडिया तक का सफर आसान नहीं रहा। पिछले साल आईपीएल में डेब्यू करने वाले वैभव ने सात मैचों में 252 रन बनाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था, लेकिन आईपीएल 2026 में उन्होंने अपनी बल्लेबाजी का स्तर और भी ऊँचा उठाया। उन्होंने 14 मैचों में 237.31 की तूफानी स्ट्राइक रेट से कुल 776 रन बनाए और इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बनकर ऑरेंज कैप अपने नाम की। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और पाँच अर्धशतक निकले। खास बात यह है कि वैभव ने जसप्रीत बुमराह, जोश हेजलवुड और पैट कमिंस जैसे दिग्गज गेंदबाजों को भी धुनाई की।
डेब्यू में सचिन का रिकॉर्ड तोड़ने का अवसर
वैभव को श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम में शामिल किया गया है। अय्यर को सूर्यकुमार यादव की जगह टीम की कमान सौंपी गई है। अब यह देखना होगा कि कप्तान उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका देते हैं या नहीं, क्योंकि टीम में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन जैसे अनुभवी ओपनर पहले से मौजूद हैं। यदि वैभव को डेब्यू का मौका मिलता है, तो वह महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का 1989 में बनाया गया सबसे कम उम्र में भारत के लिए खेलने का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। सचिन ने 16 साल और 205 दिन की उम्र में डेब्यू किया था, जबकि वैभव अभी केवल 15 साल के हैं। क्रिकेट जगत की नजरें अब 26 जून से शुरू होने वाले आयरलैंड दौरे पर टिकी हैं।