जयपुर में जलवायु लचीलापन पर AI-आधारित चर्चा
जलवायु परिवर्तन पर ज्ञान साझा करने का आयोजन
जयपुर। जलवायु थिंक टैंक काउंसिल ऑन एनर्जी, एनवायरनमेंट एंड वॉटर (CEEW) ने बुधवार को जयपुर में "स्ट्रेंथनिंग क्लाइमेट रेजिलिएंस थ्रू एआई-ड्रिवन क्लाइमेट डिसीजंस एंड एक्शंस" विषय पर एक ज्ञान साझा करने वाला राउंडटेबल आयोजित किया। सीईईडब्ल्यू के शोधकर्ताओं ने बताया कि भारत में 2026 का मानसून दो विपरीत स्थितियों को दर्शाता है। कुछ राज्यों में विनाशकारी बाढ़ आई है, जबकि अन्य में बारिश की कमी का सामना किया जा रहा है, जिससे देश के आधे से अधिक जिले प्रभावित हैं। जुलाई के मध्य तक, देश के 166 प्रमुख जलाशयों में केवल 34 प्रतिशत जल भंडारण क्षमता का उपयोग किया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में काफी कम है।
शोधकर्ताओं ने क्लाइमेट रेजिलिएंस एनालिटिक्स एंड विज़ुअलाइजेशन इंटेलिजेंस सिस्टम (CRAVIS.ai) का प्रदर्शन भी किया, जो सीईईडब्ल्यू द्वारा विकसित एक अनूठा एआई-संचालित जलवायु इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म है। यह प्लेटफॉर्म पिछले 40 वर्षों के जलवायु आंकड़ों को 2030–2050 और 2051–2070 के अनुमानों के साथ जोड़ता है। यह विभिन्न उत्सर्जन और ग्लोबल वार्मिंग परिदृश्यों के तहत 279 संकेतकों के आधार पर जिला-स्तरीय विश्लेषण करने की सुविधा प्रदान करता है। उपयोगकर्ता जलवायु आंकड़ों को क्षेत्रीय आंकड़ों के साथ ओवरले करके समग्र जोखिम विश्लेषण कर सकते हैं। यह प्लेटफॉर्म विभिन्न संगठनों और हितधारकों को डेटा और विश्लेषण में योगदान करने के लिए आमंत्रित करता है।
क्रेविस (CRAVIS) के पूर्वानुमानों के अनुसार, अगले दो दशकों में भारी बारिश की घटनाओं में वृद्धि की संभावना है। कई जिलों में प्रतिवर्ष 10 से 30 अतिरिक्त दिन भारी बारिश हो सकती है। महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तमिलनाडु जैसे मध्य और दक्षिणी राज्यों में बारिश और गर्म दिनों में वृद्धि होने की उम्मीद है। राजस्थान, जो जलवायु परिवर्तन के प्रति संवेदनशील है, में बढ़ती गर्मी और मानसून की अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है। 2026 के सुपर अल नीनो के दौरान, ये संवेदनशीलताएं तेजी से स्पष्ट हो रही हैं। पश्चिमी राजस्थान में लंबे समय तक शुष्क स्थिति और धूल भरी आंधियों का सामना किया जा रहा है, जबकि पूर्वी राजस्थान में सामान्य से कम बारिश हो रही है।
राजस्थान में मानसूनी बारिश में लगातार वृद्धि की बजाय परिवर्तनशीलता में वृद्धि की प्रवृत्ति देखी जा रही है। औसत मौसमी बारिश 1981-2010 में 471 मिलीमीटर थी, जो 2011-2024 में बढ़कर 598 मिलीमीटर हो गई। लेकिन 2051-2070 तक यह घटकर 569 मिलीमीटर होने का अनुमान है, जो साल-दर-साल बड़े बदलावों का संकेत देता है। क्रेविस (CRAVIS) एआई प्लेटफॉर्म पूरे राजस्थान में पूर्व-पश्चिम दिशा में हो रहे बदलाव को भी रेखांकित करता है।
भारत पहले से ही गर्मी के बढ़ते जोखिम का सामना कर रहा है, जहां 57 प्रतिशत से अधिक जिले और लगभग 75 प्रतिशत जनसंख्या उच्च से अत्यधिक उच्च गर्मी के जोखिम में हैं। क्रेविस (CRAVIS.ai) के अनुसार, आने वाले दशकों में भारत में अत्यधिक गर्मी में भारी वृद्धि होने का अनुमान है। 1981–2010 की अवधि में, केवल 15 प्रतिशत जिलों में ही प्रति वर्ष 116 से अधिक दिन ऐसे होते थे जब अधिकतम तापमान 35°C से ऊपर जाता था। 2031–2050 के दौरान यह बढ़कर 46 प्रतिशत जिलों तक और 2051–2070 तक 57 प्रतिशत जिलों तक पहुंचने का अनुमान है।
डॉ. विश्वास चितले, फेलो, सीईईडब्ल्यू, ने कहा, "क्रेविस (CRAVIS) को जब स्थानीय स्तर पर निर्णय लेने की प्रक्रिया में शामिल किया जाता है, तब यह वास्तविक प्रभावों को सामने ला सकता है। यह जटिल जलवायु जानकारी को नीति निर्माताओं, उद्यमियों, वित्तीय विशेषज्ञों, पत्रकारों और शहरी योजनाकारों के लिए सुलभ बनाता है।"