गर्मियों में जंगल सफारी के लिए उपयोगी सुझाव
गर्मियों में जंगल सफारी के लिए सुझाव
गर्मी के मौसम में, बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी का समर वेकेशन पर जाने का मन करता है। कई लोग प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के लिए हिल स्टेशनों, प्राकृतिक स्थलों या जंगल सफारी का चयन करते हैं। भारत में ऐसे कई अद्भुत स्थान हैं, जहां रोमांच और प्रकृति का अनूठा संगम देखने को मिलता है। घने जंगल, खूबसूरत वादियां, शांत झीलें और बाघ, शेर, हाथी, हिरण जैसे वन्यजीवों का दीदार करना एक अविस्मरणीय अनुभव हो सकता है।
सही कपड़ों का चयन
जंगल सफारी के लिए कपड़ों का चुनाव मौसम के अनुसार करना चाहिए। हल्के, ढीले और कॉटन के कपड़े पहनना बेहतर होता है। चमकीले और रंगीन कपड़ों से बचें, क्योंकि ये जानवरों का ध्यान आकर्षित कर सकते हैं। इसके अलावा, तेज धूप से बचने के लिए सनग्लासेस, स्कार्फ और टोपी साथ रखना न भूलें।
पानी की व्यवस्था
गर्मी में हाइड्रेट रहना बहुत जरूरी है। सफारी पर जाने से पहले पर्याप्त पानी साथ ले जाएं। जंगल में लंबे समय तक रहने पर डिहाइड्रेशन हो सकता है। हल्के स्नैक्स और आवश्यक दवाइयां भी साथ रखें।
बुकिंग पहले से करें
अगर आप जंगल सफारी की योजना बना रहे हैं, तो पहले से बुकिंग कर लें। गर्मियों की छुट्टियों में नेशनल पार्क और टाइगर रिजर्व में पर्यटकों की संख्या बढ़ जाती है। ऑनलाइन बुकिंग करने से आप किसी भी परेशानी से बच सकते हैं। खासकर परिवार के साथ यात्रा करते समय नियमों और समय की जानकारी पहले से ले लें।
कैमरा और दूरबीन साथ रखें
जंगल सफारी पर जाने से पहले अपने बैग में कैमरा और दूरबीन जरूर रखें। इससे आप प्रकृति के दृश्य और खूबसूरत जानवरों को करीब से देख सकेंगे। कैमरे से आप अपने खास पलों को कैद कर सकते हैं और दूरबीन से दूर के जानवरों को देख सकते हैं।
नियमों का पालन करें
जंगल सफारी पर जाने से पहले वन्यजीवों के नियमों के बारे में जानकारी रखें। सफारी के दौरान तेज आवाज करना, जानवरों को करीब से देखना या गंदगी फैलाना गलत माना जाता है। जंगल का वातावरण शांत और साफ रखने का ध्यान रखें।
सफारी के लिए बेहतरीन स्थान
रणथंभौर नेशनल पार्क, जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क, कान्हा नेशनल पार्क और गिर नेशनल पार्क जैसे स्थानों पर घूमने की योजना बना सकते हैं, जहां आपको बाघ और अन्य जंगल के जानवरों को करीब से देखने का अवसर मिलेगा। गर्मियों में बच्चों की छुट्टियां होती हैं, इसलिए उन्हें प्रकृति के करीब लाने का मौका न चूकें और पूरी जानकारी लेकर ही जंगल सफारी का आनंद लें।