अमेरिका में शिक्षा के स्तर में गिरावट: सर्वेक्षण के प्रमुख निष्कर्ष
अमेरिका में शिक्षा की स्थिति पर सर्वेक्षण
सर्वे में सामने आई बातImage Credit source: Freepik
Walton Family Foundation का सर्वे : अमेरिका के स्कूलों की स्थिति पर हालिया सर्वे ने चिंता बढ़ा दी है। शिक्षा को हमेशा देश की नींव माना गया है, लेकिन रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका में बच्चों की K-12 शिक्षा पर लोगों का विश्वास तेजी से घट रहा है। वॉल्टन फैमिली फाउंडेशन और गैलप के सर्वे में केवल 35% लोगों ने शिक्षा से संतोष व्यक्त किया है।
यह आंकड़ा पिछले दो दशकों में सबसे कम है। माता-पिता अपने बच्चों की शिक्षा को लेकर थोड़े सकारात्मक नजर आते हैं, लेकिन समग्र प्रणाली से असंतुष्ट भी हैं। वहीं, डेमोक्रेट्स और रिपब्लिकन्स के बीच शिक्षा के मुद्दे पर मतभेद स्पष्ट हैं। आइए जानते हैं कि सर्वे में अमेरिका के शिक्षा तंत्र के बारे में क्या कहा गया है?
सर्वेक्षण की रिपोर्ट के अनुसार
सर्वे के अनुसार, 1999 से शिक्षा पर जनता की राय को ट्रैक करने के बाद इस बार का परिणाम सबसे खराब आया है। केवल 7% लोगों ने कहा कि वे पूरी तरह से संतुष्ट हैं, जबकि 28% ने कुछ हद तक संतोष व्यक्त किया। वहीं, बड़ी संख्या में लोग शिक्षा की गुणवत्ता, पाठ्यक्रम और बदलती आवश्यकताओं से निराश हैं।
पैरेंट्स की राय
सर्वे में शामिल माता-पिता की राय आम जनता से थोड़ी भिन्न रही। लगभग 32% माता-पिता अपने बच्चों की पढ़ाई से पूरी तरह संतुष्ट हैं और 42% ने कहा कि वे कुछ हद तक संतुष्ट हैं। हालांकि, 23% माता-पिता ने असंतोष व्यक्त किया। इसका मतलब है कि माता-पिता अपने बच्चों की शिक्षा को लेकर सकारात्मक हैं, लेकिन पूरे शिक्षा तंत्र को लेकर उनकी चिंताएं बनी हुई हैं।
राजनीतिक मतभेद
सर्वे में एक और तथ्य सामने आया है। वह है पार्टी के आधार पर शिक्षा के प्रति दृष्टिकोण। डेमोक्रेट्स में 42% ने संतोष व्यक्त किया, जबकि रिपब्लिकन्स में यह आंकड़ा केवल 29% रहा। वहीं, स्वतंत्र मतदाता (इंडिपेंडेंट्स) में 34% लोग संतुष्ट दिखे। इससे स्पष्ट है कि शिक्षा पर राजनीति का गहरा प्रभाव पड़ रहा है।
भविष्य की चिंता
सर्वे में 73% अमेरिकियों और 64% माता-पिता ने कहा कि अमेरिकी K-12 शिक्षा गलत दिशा में जा रही है। केवल एक तिहाई लोग मानते हैं कि स्कूल बच्चों को कॉलेज के लिए सही तरीके से तैयार कर रहे हैं, जबकि केवल 21% को लगता है कि स्कूल नौकरी के लिए आवश्यक कौशल प्रदान कर रहे हैं।
भरोसे में कमी के कारण
विशेषज्ञों के अनुसार, पाठ्यक्रम में लगातार विवाद, तकनीक का सही उपयोग न होना, बच्चों की मानसिक स्वास्थ्य आवश्यकताएं, और अमीर-गरीब तथा शहरी-ग्रामीण के बीच प्रदर्शन का अंतर शिक्षा में लोगों के विश्वास को कमजोर कर रहा है। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि हालात सुधारने के लिए बड़े बदलाव की आवश्यकता है।
इनमें शिक्षकों को बेहतर प्रशिक्षण और वेतन देना, पाठ्यक्रम को समय के अनुसार अपडेट करना, परिवार और समाज की भागीदारी बढ़ाना, और सबसे महत्वपूर्ण, सभी के लिए समान गुणवत्ता की शिक्षा उपलब्ध कराना शामिल है।
ये भी पढ़ें – इन नौकरियों पर नहीं होगा AI का असर, जानें कौन सी जाॅब