दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश का अलर्ट, यमुना का जलस्तर बढ़ा
दिल्ली में बारिश का खतरा
उत्तर भारत में लगातार हो रही मानसूनी बारिश के चलते, भारतीय मौसम विभाग ने नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद सहित दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। आज के मौसम पूर्वानुमान में दिल्ली के लिए भारी बारिश की संभावना जताई गई है। बारिश के कारण, मंगलवार सुबह यमुना नदी का जलस्तर दिल्ली के पुराने रेलवे पुल पर 205.75 मीटर तक पहुंच गया, जो खतरे के निशान 205.33 मीटर से ऊपर है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
यमुना का बढ़ता जलस्तर दिल्ली के निचले क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा उत्पन्न कर रहा है। सोमवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा था कि सरकार इस स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
जलस्तर में वृद्धि
अधिकारियों के अनुसार, सुबह छह बजे पुराने यमुना पुल पर जलस्तर 205.68 मीटर था, जो खतरे के निशान से काफी ऊपर है। उन्होंने बताया कि हथिनीकुंड बैराज से 2.07 लाख क्यूसेक, वजीराबाद बैराज से 67,260 क्यूसेक और ओखला बैराज से 61,958 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।
तीनों बैराजों से अधिक पानी छोड़े जाने के कारण सुबह सात बजे जलस्तर बढ़कर 205.75 मीटर हो गया। हरियाणा से रिकॉर्ड मात्रा में पानी छोड़े जाने से दिल्ली में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है, जिसके मद्देनजर प्राधिकरण ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है। अधिकारियों ने यमुना के डूब क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है, क्योंकि नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और आज शाम तक इसके 206 मीटर के निकासी चिह्न तक पहुंचने की संभावना है।