हाथरस में डांसर के साथ अभद्रता: पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
हाथरस में बर्थडे पार्टी का विवाद
खबर इंडिया की। उत्तर प्रदेश के हाथरस से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। यह घटना एक बर्थडे पार्टी के दौरान आयोजित रागनी कार्यक्रम की है, जहां हरियाणा की डांसर डिम्पल चौधरी के साथ मंच पर अभद्रता की गई।
इस वायरल वीडियो में एक युवक स्टेज के पास जाकर डांसर के साथ अनुचित व्यवहार करने की कोशिश करता है। जैसे ही डांसर को इस हरकत का पता चलता है, उन्होंने तुरंत युवक को थप्पड़ मार दिया। यह घटना वहां मौजूद लोगों के कैमरों में कैद हो गई।
डिम्पल चौधरी ने इस घटना का वीडियो अपनी सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद यह मामला चर्चा में आ गया। वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस की जांच में पता चला कि यह कार्यक्रम बिना आवश्यक अनुमति के आयोजित किया गया था। इसके बाद पुलिस ने सुरेश पाल नामक आरोपी को गिरफ्तार किया, जिस पर डांसर के साथ अभद्रता और बैड टच करने का आरोप है।
इसके अलावा, बिना अनुमति रागनी कार्यक्रम आयोजित करने के आरोप में देवेंद्र पाल और श्रीपाल को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है और सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कई यूजर्स ने सार्वजनिक कार्यक्रमों में कलाकारों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। वहीं, डांसर द्वारा मौके पर ही विरोध दर्ज कराने की भी चर्चा हो रही है।
फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।