गरीब महिला की दया ने जीता सबका दिल, वायरल वीडियो ने किया इमोशनल
इंसानियत की मिसाल
गरीब महिला ने जीत लिया सबका दिलImage Credit source: Instagram/sauravsoniofficial07
इंसानियत का असली मतलब समझाने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक गरीब महिला, जो फुटपाथ पर रह रही है, एक व्यक्ति को खाना खिलाते हुए नजर आ रही है। यह व्यक्ति खुद को गरीब बताकर महिला से खाना मांगता है।
वीडियो में दिखाया गया है कि जब महिला सड़क किनारे खाना बना रही होती है, तभी एक युवक जींस और टी-शर्ट पहने उसके पास आता है और खाना मांगता है। महिला बिना किसी हिचकिचाहट के उसे बैठने के लिए कहती है और रोटी तथा सब्जी देती है। युवक न केवल खुद खाना खाता है, बल्कि महिला के बच्चे को भी खिलाता है। जब उसने एक और रोटी मांगी, तो महिला ने उसे खुशी-खुशी दे दी। युवक ने महिला को धन्यवाद कहा और चला गया।
कुछ समय बाद वह युवक फिर लौटता है और महिला को आटे की एक थैली और उसके बच्चे के लिए चॉकलेट का पैकेट देता है। इसके अलावा, उसने अपनी जेब से कई नोट निकालकर महिला को दिए। यह वीडियो इस बात का प्रमाण है कि असली अमीरी दिल और कर्मों से होती है, न कि पैसे से।
90 लाख बार देखा गया वीडियो
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर sauravsoniofficial07 द्वारा साझा किया गया है, जिसे अब तक 9 मिलियन से अधिक बार देखा जा चुका है। 10 लाख से अधिक लोगों ने इसे लाइक किया है और कई लोगों ने अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं।
एक यूजर ने लिखा, ‘गरीबी इंसान को मजबूर कर सकती है, लेकिन उसका दिल कभी छोटा नहीं कर सकती’, जबकि दूसरे ने कहा, ‘जिनके पास कम होता है, वही सबसे ज्यादा बांटते हैं।’