डायबिटीज प्रबंधन के लिए सरल और प्रभावी डाइट प्लान
डायबिटीज: एक सामान्य समस्या
आकाश कुमार, जमशेदपुर: आजकल डायबिटीज (मधुमेह) एक सामान्य स्वास्थ्य समस्या बन चुकी है, जो किसी भी आयु के व्यक्ति को प्रभावित कर सकती है। अस्वस्थ खान-पान, तनावपूर्ण जीवनशैली और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण यह समस्या तेजी से बढ़ रही है। हालांकि, यह एक गंभीर बीमारी है, लेकिन इसे उचित आहार और जीवनशैली के माध्यम से नियंत्रित किया जा सकता है।
डाइटिशियन मोती कुमारी, जो पिछले 15 वर्षों से डाइट प्लान और स्वास्थ्य प्रबंधन में विशेषज्ञता रखती हैं, बताती हैं कि डायबिटीज को नियंत्रित करने के लिए सही समय पर सही भोजन और नियमित व्यायाम आवश्यक है।
डायबिटीज प्रबंधन के लिए सरल डाइट प्लान
1. सुबह की शुरुआत:
दिन की शुरुआत जामुन या सेब के सिरके (10ml) को 200ml गुनगुने पानी में मिलाकर करें। वैकल्पिक रूप से, मेथी और आंवला पाउडर को गुनगुने पानी में मिलाकर भी ले सकते हैं। इसके बाद 30-45 मिनट योग या हल्की एक्सरसाइज करें।
2. ब्रेकफास्ट (सुबह का नाश्ता):
नाश्ते में उच्च फाइबर वाले खाद्य पदार्थ जैसे रागी, ज्वार या बाजरा की रोटी खाएं। इसके साथ मौसमी सब्जियां, दही, चना या बेसन का चीला ले सकते हैं।
3. मिड-मॉर्निंग स्नैक:
मौसमी फल जैसे पपीता, सेब या कीवी का सेवन करें। ध्यान रखें, फलों का जूस न लें, केवल फल खाएं।
4. लंच (दोपहर का भोजन):
खाने से पहले एक गिलास पानी पिएं। सलाद में खीरा, गाजर और मूली शामिल करें। दो रोटियां, एक कटोरी दाल और 100 ग्राम चावल (यदि चाहें) खाएं। साथ में मौसमी सब्जियों का सेवन करें।
5. शाम का नाश्ता:
ग्रीन टी पिएं। मिठास की आवश्यकता महसूस होने पर दालचीनी पाउडर डालें। इसके साथ भुना हुआ मखाना या चना खा सकते हैं।
6. डिनर (रात का भोजन):
रात का खाना हल्का रखें। मिस्सी रोटी, दलिया या मूंग दाल की खिचड़ी खाएं। खाने के बाद 20-30 मिनट टहलें।
7. सोने से पहले:
त्रिफला चूर्ण का सेवन करें। नॉनवेज खाने वालों के लिए सलाह: हफ्ते में 2-3 बार 200 ग्राम चिकन या मछली खाएं। तेल और मसालों का कम से कम उपयोग करें। उबले अंडे (सिर्फ सफेद भाग) भी आहार में शामिल कर सकते हैं।
डायबिटीज नियंत्रण के अन्य महत्वपूर्ण टिप्स
महीने में एक बार ब्लड शुगर की जांच अवश्य करवाएं। तनाव से दूर रहें और नियमित रूप से योग और मेडिटेशन करें। पर्याप्त नींद लें और हाइड्रेटेड रहें।