कम खर्च में पूरे महीने का बजट कैसे बनाएं
महंगाई से बचने के उपाय
महंगाई का असर लोगों की जेब पर काफी गहरा पड़ रहा है। इस स्थिति में हर महीने बजट बनाना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। रोजमर्रा के खर्चों को संभालते-सम्भालते, लोगों की जेब खाली हो जाती है। ऐसे में यह सवाल उठता है कि कम खर्च में पूरे महीने कैसे गुजारा किया जाए। कम खर्च में महीने को चलाना और बचत करना कोई कठिन कार्य नहीं है, बस इसके लिए सही योजना की आवश्यकता होती है। यदि आप भी महीने के अंत में आर्थिक तंगी से बचना चाहते हैं, तो आज से ही बजट बनाना शुरू करें। यहां हम कुछ सुझाव दे रहे हैं कि कैसे कम खर्च में पूरे महीने का प्रबंधन किया जा सकता है।
1. 'पहले बचत, फिर खर्च' का सिद्धांत
अधिकतर लोग सैलरी मिलते ही खर्च करना शुरू कर देते हैं और जो बचता है, उसे बचाते हैं। आपको इस प्रक्रिया को उलट देना चाहिए। जैसे ही पैसे आएं, सबसे पहले उसका 20% हिस्सा बचत खाते या निवेश में डालें। शेष 80% में अपने महीने का खर्च चलाने की आदत डालें।
2. बजट बनाएं और ट्रैक करें
महीने की शुरुआत में एक डायरी या मोबाइल ऐप में अपने खर्चों की सूची बनाएं, जैसे किराया, बिजली बिल, राशन, और फीस। इसके अलावा, गैरजरूरी खर्चों जैसे बाहर का खाना, ओटीटी सब्सक्रिप्शन, और शॉपिंग की भी सूची बनाएं। जब आप अपने खर्चों को ट्रैक करते हैं, तो आपको पता चलता है कि आपका पैसा कहां बेकार जा रहा है।
3. रसोई का बजट प्रबंधित करें
बाहर खाने या ऑनलाइन फूड डिलीवरी से सबसे ज्यादा खर्च होता है। इसलिए घर पर खाना बनाने की आदत डालें, यह न केवल सेहतमंद है बल्कि किफायती भी। महीने का राशन एक साथ खरीदें, इससे आपको डिस्काउंट मिल सकता है। सब्जियां और फल स्थानीय बाजार से खरीदें।
4. शॉपिंग और फालतू खर्चों पर नियंत्रण
30 दिन का नियम अपनाएं: यदि आपको कोई महंगी चीज पसंद आती है, तो उसे तुरंत न खरीदें। 30 दिन का इंतजार करें। अगर एक महीने बाद भी उसकी आवश्यकता महसूस होती है, तभी खरीदें। सेल के चक्कर में ऐसी चीजें न खरीदें जिनकी आपको वास्तव में जरूरत नहीं है।
5. बिजली और यूटिलिटी बिल्स में कटौती
कमरे से बाहर निकलते ही पंखे और लाइट बंद करने की आदत डालें। सार्वजनिक परिवहन जैसे मेट्रो, बस या बाइक पूलिंग का उपयोग करें। रोजाना कैब या ऑटो लेने से खर्च बढ़ता है।
